भोपाल के प्रेमपुरा घाट पर पहुंचे सीएम मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भोपाल के प्रेमपुरा घाट पहुंचकर छठ महापर्व पर भगवान सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने छठ पर्व पर व्रत और उपासना करने वाले सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं भी दीं।
ये भी पढ़ें-
जनजातीय गौरव दिवस: धार के डही पहुंचे राज्यपाल और मुख्यमंत्री, माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन परियोजना का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व अब केवल पूर्वांचल, बिहार, उत्तर प्रदेश और बंगाल तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। विभिन्न धर्मों के लोग भी परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ इस पर्व में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा की विशेषता है कि इसमें किसी पुजारी की आवश्यकता नहीं होती। श्रद्धालु अपनी आस्था और विश्वास के साथ सीधे सूर्यदेव की उपासना करते हैं। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और सूर्य को ऊर्जा के सबसे बड़े स्रोत के रूप में नमन करने का अवसर है।
महिलाओं की तपस्या को किया नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व पर माताएं और बहनें परिवार की सुख-समृद्धि, सदस्यों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखती हैं। परिवार के प्रति उनके समर्पण, अटूट आस्था और तपस्या को वह हृदय से नमन करते हैं।
उन्होंने अपनी ओर से और मध्य प्रदेश सरकार की ओर से सभी छठव्रतियों को पर्व की बधाई दी। साथ ही कामना की कि छठी मैया की कृपा सभी पर बनी रहे और प्रदेशवासी आगे भी इसी श्रद्धा, उल्लास और एकजुटता के साथ पर्व मनाते रहें।