Protest against CAA and NRC in Jabalpur
- फोटो : ANI
देश के 71वें गणतंत्र दिवस पर भी कई जगहों पर नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मध्यप्रदेश के जबलपुर में सीएए के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा आधारताल से रद्दी चौकी के बीच निकाली गई। लेकिन इस दौरान सीएए का विरोध करने वाले भी वहां पहुंच गए, और दोनों पक्षों में झड़प हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि यह पक्षों में पत्थरबाजी होने लगी। सूचना मिलते ही एसपी अमित सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। सीएए के समर्थन में निकाली गई यात्रा में युवा, बुजुर्ग से लेकर महिलाएं शामिल थीं।
झड़प की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने रद्दी चौकी से करीब एक किमी दूर बैरिकेड लगाकर रैली को रोक दिया। रद्दी चौकी के दूसरी तरफ सीएए के विरोध में लोग प्रदर्शन कर रहे थे। तनाव की स्थिति को देखते हुए इलाके बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बता दें कि बीते 20 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून और प्रस्तावित राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन हुआ था। इसके बाद जबलपुर शहर के चार थाना इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया था, जबकि प्रदेश के बाकी सभी 51 जिलों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हुआ था। इस दौरान इंटरनेट सेवा भी निलंबित कर दी गई थी। साथ ही 50 जिलों में धारा 144 लगा दी गई थी।