महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया
जिले के जुन्नारदेव क्षेत्र में एक 28 वर्षीय महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। बरेलीपार निवासी प्रसूता कुन्नू इवनाती ने एक बेटे और तीन बेटियों को जन्म देकर चिकित्सा जगत को भी आश्चर्यचकित कर दिया है।
यह प्रसव जुन्नारदेव सिविल अस्पताल में सफलतापूर्वक कराया गया। प्रसव के तुरंत बाद नवजातों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार और विशेष निगरानी के लिए चारों बच्चों को 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रैफर कर दिया।
अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों नवजात बेटियों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं नवजात बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे विशेष चिकित्सा निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उसकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।
ये भी पढ़ें: MP News: SNCU में 40 नवजातों की जान दांव पर, क्या इंदौर जैसे खौफनाक हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?
चिकित्सकों का कहना है कि एक साथ चार बच्चों का जन्म होना अत्यंत दुर्लभ होता है और ऐसे मामलों में मां व बच्चों दोनों की विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। समय पर रैफरल और त्वरित उपचार के कारण स्थिति को संभालने में मदद मिली है।
इधर एक ओर परिवार में चार नवजातों के आगमन से खुशी का माहौल है, वहीं बेटे की नाजुक हालत को लेकर परिजन चिंतित भी नजर आ रहे हैं। परिजनों ने डॉक्टरों पर पूरा भरोसा जताते हुए शिशु के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।