पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी घटना की जानकारी।
- फोटो : अमर उजाला
सोशल मीडिया पर टूर पैकेज बुकिंग के नाम पर 50 हजार की ठगी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी हिमांशु शर्मा (32), निवासी रामानंद कॉलोनी, लालघाटी, भोपाल ने VOILA QUEST टूरिज्म नाम की फर्जी कंपनी के जरिए लोगों को धोखा देकर पैसे ठगे।
टूर पैकेज के नाम पर ठगी का शिकार हुआ पीड़ित
शहर के बुधवारी बाजार निवासी अमित राय (45) ने 21 मार्च 2025 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसने 16 फरवरी 2025 को हिमांशु शर्मा से संपर्क कर गुवाहाटी जाने के लिए तीन मार्च की चार फ्लाइट टिकट बुक करवाई थीं। इसके लिए उसने यूपीआई के जरिए 50 हजार का भुगतान किया। आरोपी ने न तो टिकट बुक की और न ही पैसे लौटाए। जब पीड़ित ने बार-बार फोन और मैसेज किए तो आरोपी ने कोई जवाब नहीं दिया।
ये भी पढ़ें- उज्जैन में तीन सड़क हादसे, दो लोगों की मौत, तीन घायल, एक मृतक की नहीं हो सकी पहचान
कोतवाली पुलिस की तत्परता, भोपाल से की गई गिरफ्तारी
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी के नेतृत्व में सउनि ब्रिजेश रघुवंशी और उनकी टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भोपाल रवाना किया गया। भोपाल पहुंचकर पुलिस टीम ने आरोपी हिमांशु शर्मा को उसके ऑफिस से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हिमांशु ने ठगी का खुलासा किया। आरोपी के कब्जे से VOILA QUEST कंपनी का फर्जी रजिस्ट्रेशन दस्तावेज, VOILA QUEST की सील, दो मोबाइल फोन, 50 हजार नकद सामान बरामद हुआ है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी का बैंक खाता फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- पैदल मार्च के पहले पुलिस का एक्शन, जनसंघर्ष समिति के नेताओं सहित 40 लोग गिरफ्तार
ऑनलाइन ठगी से बचने की अपील
आरोपी को पकड़ने में निरीक्षक उमेश कुमार गोल्हानी, सउनि ब्रिजेश रघुवंशी, सउनि अमित कुमार यादव, प्रधान आरक्षक रविंद्र ठाकुर, आरक्षक शैलेन्द्र राजपूत, साइबर आरक्षक आदित्य रघुवंशी और नितिन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन लेनदेन करते समय सावधानी बरतें। किसी भी अनजान वेबसाइट या सोशल मीडिया पेज से टूर पैकेज बुक करने से पहले सत्यापन जरूर करें।