आरोपी केमिकल एनालिस्ट के. माहेश्वरी।
- फोटो : अमर उजाला
जहरीले कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई जारी है। तमिलनाडु से गिरफ्तार श्रीसन फार्मा की केमिकल एनालिस्ट के. माहेश्वरी को पुलिस ने तीन दिन की रिमांड पर लिया है। विशेष जांच दल (SIT) बुधवार देर शाम माहेश्वरी को परासिया लेकर पहुंची थी। गुरुवार को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शैलेन्द्र उईके ने तीन दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, श्रीसन फार्मा कंपनी में कफ सिरप की गुणवत्ता जांच की जिम्मेदारी माहेश्वरी पर थी, लेकिन जांच प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरतने के कारण अमानक सिरप बाजार में पहुंच गया, जिससे कई बच्चों की किडनी फेलियर से मौत हो गई। वहीं, कोल्ड्रिफ कफ सिरप के होलसेलर और रिटेलर की दो दिन की रिमांड खत्म होने पर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। यहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें- Dhanteras 2025: नाभि में इत्र लगाकर तोंद पर हाथ फेरने से मिलता है धन! अनोखी है शिव संग विराजे कुबेर की महिमा
एसआईटी टीम माहेश्वरी से पूछताछ कर प्रकरण से जुड़े अहम साक्ष्य जुटा रही है। इसके साथ ही जांच दल का एक हिस्सा अभी तमिलनाडु में रहकर कंपनी मालिक रंगनाथन, दवा कंपनी और ड्रग टेस्टिंग लैब से संबंधित रिकॉर्ड, दस्तावेज और कर्मचारियों के बयान एकत्र कर रहा है, ताकि केस को पुख्ता सबूतों के साथ मजबूत किया जा सके।