छिंदवाड़ा के सिवनी मार्ग पर सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घाट परासिया के पास सड़क के किनारे खड़े ट्रक से दूसरा ट्रक टकरा गया। मरने वाले रिश्ते में चाचा-भतीजे हैं।
कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेन्द्र शाक्य ने बताया कि कान्हीवाड़ा चुटका निवासी 36 वर्षीय शाहिद पिता अकरम अली सिवनी केवलारी निवासी सैन कुमार पिता रामदयाल विश्वकर्मा के ट्रक क्रमांक एमपी 20 HB 905 में बतौर ड्रायवर काम करता है। बुधवार के दिन वो ट्रक में सौंसर से चावल भरकर अपने भतीजे चुटका निवासी 18 वर्षीय अरसद पिता आसिर अहमद के साथ सिवनी जाने के लिए निकला था। बुधवार की रात एक बजे के आसपास जब दोनों घाट परासिया से गुजर रहे थे तो इनका वाहन यहां खड़े एक अन्य ट्रक से जा टकराया, जिसके बाद इनका वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और दोनों वाहन में दब गए। सूचना के बाद पुलिस ने मलबे को हटाकर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।