छिंदवाड़ा जिले में लाखों रुपए का गबन करने के मामले में बिछुआ बीईओ को शासन द्वारा सस्पेंड कर दिया गया है। दरअसल, सीमावर्ती जिले बैतूल के घोड़ाडोंगरी ब्लॉक में पदस्थापना के दौरान बीईओ रमेश गांजरे को जनजाति कार्य विभाग के आयुक्त द्वारा तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
जानकारी अनुसार वर्ष 2018-19 में घोड़ाडोंगरी ब्लॉक में बीईओ का कार्यभार रमेश गांजरे द्वारा संभाला जा रहा था। इस दौरान करीब 26 लाख 20 हजार रुपए की शासकीय राशि का गबन हुआ। जिसका खुलासा पिछले दिनों कोष एवं लेखा विभाग की टीम द्वारा की गई जांच में हुआ।
जिसके तहत बैतूल कलेक्टर द्वारा तत्कालीन बीईओ रमेश गांजरे के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया। इसके बाद शासन द्वारा रमेश गांजरे को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। सस्पेंस के दौरान बीईओ का मुख्यालय संभागीय उपायुक्त कार्यालय जबलपुर रहेगा। मामला उजागर होने के बाद अब बिछुआ में पदस्थापना के दौरान भी बीईओ रमेश गांजरे की कार्यप्रणाली की जांच की मांग उठने लगी है।