छिंदवाड़ा में पांढुर्णा तहसील के दूधा स्थित भैरव टेकड़ी के पास शनिवार सुबह 11 बजे मजदूरों से भरे एक ऑटो और आयशर वाहन की भिड़ंत में 12 लोग घायल हो गए। इनमें दो स्कूली छात्र भी शामिल हैं। घटना में नरेंद्र कुमरे और विशाल धुर्वे को गंभीर चोट आई है, जिनकी हड्डियां टूट गई हैं।
अन्य घायलों में वनीता उईके, निर्मला सलामे, प्रमिला उईके, सिंधु तुमदाम और सुशीला पंद्राम सहित अन्य लोग शामिल हैं। घायल स्कूली छात्रों की पहचान मयूरी ईरपाची और विशाखा धुर्वे के रूप में हुई है, जो राजोराकला की शासकीय माध्यमिक स्कूल जा रहे थे।
घायल मजदूर पिलापुर में मजदूरी के लिए जा रहे थे
घायल सुशीला पंद्राम के अनुसार, सभी लोग राजोरा खुर्द के निवासी हैं और पिलापुर में मजदूरी करने जा रहे थे। दुर्घटना के बाद आयशर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सभी घायलों को जनसहयोग से पांढुर्णा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीएमओ दीपेंद्र सलामे ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। हालांकि, तीन लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी अजय मरकाम ने बताया कि पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं।