छिंदवाड़ा के उमरानाला चौकी क्षेत्र में देर शाम सिमरिया मंदिर के पास सड़क पार कर रहे 60 वर्षीय कैलाश कचौरे को ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि कैलाश की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
जानकारी के अनुसार कैलाश कचौरे अपने दोस्तों के साथ नागद्वारी यात्रा के लिए निकले थे। इसी दौरान सिमरिया मंदिर के पास वे सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गश्त के दौरान चौकी प्रभारी पहुंचे मौके पर
घटना के समय उमरानाला चौकी प्रभारी राजेश साहू क्षेत्र में गश्त पर थे। हादसे की सूचना मिलते ही वे पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। प्रधान आरक्षक हेमंत और संतोष सहित स्थानीय निवासी उल्लू भाई ने पुलिस की मदद की।
ये भी पढ़ें- MP: 'मैं समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं बचा, मुझे नहीं जीना', वीडियो वायरल होते ही किसान ने पी लिया कीटनाशक
हादसा इतना गंभीर था कि शव को एकत्र करने के लिए चौकी से तीन चादरें मौके पर मंगवानी पड़ीं। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने शव को एकत्र कर चादरों में रखा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजने की कार्रवाई की गई।
हादसा देख लोगों में मची अफरा-तफरी
दुर्घटना की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और लोगों को घटनास्थल से दूर किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस कारण हुआ और ट्रक की पहचान सहित चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।