छिंदवाड़ा में हर्रई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लापरवाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। आज भी यहां एक गरीब मजदूर की समय पर उपचार न मिलने के कारण मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने जोरदार हंगामा करते हुए अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और तो और यहां मरीज की मौत होने के बाद उसे एंबुलेंस तक नसीब नहीं हुई, जिसे परिजनों ने ठेलिया में अपने घर ले गए।
दरअसल, हर्रई में वार्ड नंबर आठ निवासी श्याम कुमार कहार की मंगलवार सुबह करीब चार बजे अचानक तबियत बिगड़ गई थी, जिसके बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन कोई भी डॉक्टर समय पर मरीज का हाल जानने नहीं पहुंचा। वहीं, दो घंटे के पश्चात हर्रई बीएमओ विनीत परस्ते अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मरीज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए डॉक्टर पर समय पर उपचार नहीं करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
विदित हो कि हर्रई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आए दिन लापरवाही उजागर हो रही है, जिसको लेकर अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह ने पूर्व में भी कलेक्टर को पत्र लिख चुके हैं। लेकिन आज भी परिस्थिति जस की तस बनी हुई है। अस्पताल में डॉक्टरों की लापरवाही कायम है।