मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में एक दिलचस्प मामला सामने आया है। पुलिस आरक्षक ने प्रेम किसी से किया और शादी किसी और से करने जा रहा था। प्रेमिका को भनक लग गई तो उसने थाने में शिकायत कर दी। आरक्षक को जब इसकी जानकारी लगी तो उसने शादी तुड़वा दी और प्रेमिका के साथ चला गया। अब दुल्हन पक्ष ने छिंदवाड़ा में उसके खिलाफ केस कर दिया है।
दरअसल, बैतूल के भैंसदेही में पदस्थ पुलिस आरक्षक सोनू चलतिया छिंदवाड़ा के रावणवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छिंदा का रहने वाला है। बैतूल में रहते हुए उसे एक युवती से प्रेम हो गया। उसने जीने-मरने की कसमें तक खा ली। जब बात शादी की आई तो घरवालों के दबाव में छिंदवाड़ा की एक लड़की से शादी कर रहा था। जब प्रेमिका को पता चला तो उसने संबंधित थाने में शिकायत कर दी। सोनू को पता चला तो उसे प्रेमिका के साथ खाई कसमें याद आ गई और वह शादी तोड़कर प्रेमिका के साथ चला गया।
एक साल से थे प्रेम संबंध
आरक्षक सोनू चलतिया के बैतूल की युवती के साथ एक साल से प्रेम संबंध थे। वह युवती को शादी का झांसा दे रहा था। आरक्षक छुट्टी लेकर अपने घर आया तो उसकी प्रेमिका ने उसकी खूब तलाश की। बाद में उसे पता चला कि सोनू तो शादी कर रहा है। उसने वरिष्ठ अधिकारियों से आरक्षक की शिकायत कर दी। यह पता चलते ही सोनू ने सेहरा उतार दिया और वह प्रेमिका के साथ जाने को राजी हो गया।
दुल्हन पक्ष ने दर्ज किया मामला
इधर, जिस युवती से सोनू की शादी होने वाली थी, वह इंतजार ही करती रह गई। उसके मामा-मामी ने लाखों रुपये खर्च कर शादी के इंतजाम किए थे। जब दूल्हा पक्ष ने फोन पर सूचना दी कि बरात नहीं आ रही है तो दुल्हन पक्ष को गुस्सा आ गया। उन्होंने थाने पहुंचकर धोखेबाज दूल्हे के खिलाफ केस कर दिया। अब सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।