पांढुर्णा नगर के बस स्टैंड में मंगलवार रात दो युवकों ने एक दुकान में घुसकर व्यापारी से मारपीट करते हुए दुकान के बाहर रखे सामान में तोड़फोड़ कर दी। उसके बाद हड़कंप मच गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आया है।
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह से दो युवक दुकान में आते हैं और काउंटर पर हाथ पटककर व्यापारी से बदतमीजी करते हुए धक्का-मुक्की कर रहे हैं। सारे मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। दरअसल, मामला मंगलवार रात का है, बस स्टैंड के दुकान संचालक किशोर मोदी ने पुलिस को शिकायत करते हुए बताया कि कुछ युवकों के द्वारा उनकी दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की गई।
उन्होंने बताया कि दुकान बंद करते समय एक डेकोरेशन में काम करने वाला श्री नाम का युवक उसकी दुकान में आया और उसने दुकान में मुझसे और मेरे बड़े भाई से जबरन विवाद किया। वहीं, दोनों ने दुकान के बाहर रखे सामान को भी क्षति पहुंचाई है। सारे मामले के बाद तत्काल उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस ने सारे मामले को जांच में लिया है।
सीसीटीवी कै मरे में कैद हो गई वारदात
सारी वारदात दुकान में लगाए गए कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद संबंधित व्यापारी ने यह फुटेज पुलिस को सौंपे हैं। वहीं, मामले की जांच की जा रही है कि आखिरकार युवकों ने व्यापारी से मारपीट क्यों की। उनका दुकान में कोई अन्य वारदात करने का उददेश्य तो नहीं था। फिलहाल, इस घटना के बाद व्यापारी ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।