शहडोल के पड़मानिया गांव में 17 वर्षीय किशोर का पेड़ से फांसी के फंदे में लटकता शव मिला है। संदिग्ध अवस्था में मिले शव को परिजन हत्या बता रहे हैं। परिजनों का कहना है कि किशोर की हत्या कर उसे फांसी पर लटका दिया गया। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिंहपुर थाना क्षेत्र के पडमानिया गांव की यह घटना है।
जानकारी के अनुसार, मृतक सत्यम साहू उम्र 17 वर्ष निवासी पड़मानिया का घर से आधा किलोमीटर की दूरी पर एक आम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका शव मिला है। रात में किशोर ने परिवार के सभी सदस्यों के साथ खाना खाकर सो गया। जब सुबह उसकी मां उठी तो देखा किशोर अपने बिस्तर से गायब था, मां ने किशोर की तलाश शुरू कर दी। साथ ही साथ अन्य परिजन भी किशोर की तलाश करने लगे। तभी घर से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर आम के पेड़ में किशोर का शव फांसी के फंदे में झूलता मिला।
घटना की जानकारी लगते ही आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। मामले की खबर पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही घटना स्थल पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई करते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए शव को अस्पताल भिजवा दिया है। सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र तिवारी का कहना है कि घर से आधा किलोमीटर की दूरी पर एक पेड़ पर फांसी के फंदे में किशोर का शव मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।