छिंदवाड़ा के धरमटेकड़ी चौकी क्षेत्र में शनिवार को बेटे के जन्मदिन के मौके पर मां ने फांसी लगाकर जान दे दी। बेटे के जन्मदिन पर भी पति शराब पीकर आया था, इससे नाराज महिला ने पति से विवाद के बाद रात में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
धरमटेकड़ी चौकी प्रभारी एकता सोनी ने बताया कि इंदिरा नगर निवासी 23 वर्षीय करीना पति विक्की उर्फ निकेश चौटेले ने शनिवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्राथमिक जांच में सामने आया कि 18 मार्च को करीना के पांच साल के बेटे का जन्मदिन था। बेटे के जन्मदिन पर पति विक्की शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस बात से नाराज करीना और विक्की के बीच विवाद भी हुआ था। विवाद के बाद विक्की घर से कहीं निकल गया था। इस दौरान करीना ने बेटे को सुलाया और फांसी लगाकर जान दे दी। विक्की जब घर लौटा तो पत्नी फंदे पर लटकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। सीएसपी अमन मिश्रा का कहना है कि मायके पक्ष के बयान के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।