तामिया में बेकाबू कार का आतंक।
- फोटो : अमर उजाला
छिंदवाड़ा जिले के तामिया में नशे में धुत होकर कार चला रहे युवकों ने बाजार में उत्पात मचाया, जिसके बाद वहां हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। शराब के नशे में धुत होकर कार चला रहे युवकों ने बाजार में चल रही महिला टक्कर मार दी। वहीं, सड़क में खड़े दो पहिया वाहनों को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने शराबी युवकों को हिरासत में लेकर कार को जब्त कर लिया है।
बताया जा रहा है कि तामिया में बीच बाजार एक कार अचानक बेकाबू हो गई, जिसने माता मंदिर के सामने एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी, हादसे में महिला को गंभीर रुप से चोट आई है। महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज जारी है।
महिला को टक्कर मारने के बाद भी कार सवार युवक नहीं रुके और सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए इटावा की तरफ बढ़ गए। बाजार में मौजूद लोगों ने फोन कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए तेजी से भाग रहे शराबी कार सवारों को जामी मार्ग पर पकड़ लिया।
शराब पीकर कार चला रहा था युवक
पुलिस के अनुसार कार कमला नागले पिता हेमराज नागले निवासी वार्ड न. 1 काली मंदिर के पास पनारा डुंगरिया जुन्नारदेव की बताई जा रही है, कार में सवार बंटी अपने साथी देवेश रामसिंह नागेश के साथ नशे में धुत होकर सवार थे। पुलिस ने युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।