सीहोर में नवनिर्मित स्टेशन भवन का लोकार्पण भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने किया।
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वायरल वीडियों पर निशाना साधा है। सीहोर के एक कार्यक्रम में प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के लोग जिसे प्रधानमंत्री के रूप में पेश कर रहे थे उसे देख लीजिए पब में महिला के साथ शराब के गिलास लेकर साथ दिखे।
सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को लेकर उनका व्यक्तिगत जीवन हो सकता है, लेकिन वह महिला चीन की राजदूत है। उसका रिकॉर्ड गड़बड़ है। कहीं ना कहीं ये हमारे देश के लिए घातक है। सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री देश को विदेश में लगातार मजबूत कर रहे है। दूसरे देश हमारी तरफ देख रहे है। सासंद ने कहा कि रूस यूक्रेन युद्ध के दौरान सबने देख लिया है कि भारत का झंडा उठाकर कोई खड़ा हो जाता था तो उसको आंच तक नहीं आती थी, तो पाकिस्तान के लोगों ने भी अपनी रक्षा करने भारत का झंडा उठा लिया, बेटा तुम जाओगे कहां, आओगे तो बाप के पास ही ना।
राहुल गांधी ने मुझे आतंकवादी कहा
सांसद ने कहा कि राहुल गांधी ने मुझे आतंकवादी कहा था। मैं कहती हूं कि देश भक्त कभी आतंकवादी नहीं हो सकता, जो भारत में जन्मा है। मेरे माता-पिता भारत के ही है। इसलिए मैं कभी देश के साथ घात नहीं कर सकती। ये लोग जो चीन की तारीफ करते है, इन्हें चीन महिला के साथ देखा गया है। ये देश के लिए घातक है।
लाउड स्पीकर विवाद पर बोली सांसद
सांसद ने लाउड स्पीकर विवाद पर कहा कि कोई भी अपनी आराधना पूजा पाठ करने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन शांति पूर्वक आराधना होती है। चिल्ला चिल्ला कर नहीं होती है। यह जो हो रहा है वह क्रिया की प्रतिक्रिया है। लगातार कहा जा रहा था कि बच्चे पढ़ते है प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते है, वह डिस्टर्ब होते है। लेकिन किसी को सुनाई नहीं देता है। यह सब प्रतिक्रिया स्वरूप हो रहा है। ये राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है, वहां हो रहा है, वो लोगों को भड़काते है।