छिंदवाड़ा के छिंदी कामथ गांव में सोमवार को सड़क किनारे बने एक घर के आंगन में कार ने खेल रहे दो सगे भाई-बहन को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मिष्ठी यदुवंशी और तीन वर्षीय शिवाय यदुवंशी की मौत हो गई। दोनों बच्चे मूल रूप से बोरदेही के रहने वाले थे। वे अपनी मां के साथ ननिहाल में भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए छिंदी कामथ आए थे।
ये भी पढ़ें-
निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया को हाईकोर्ट से झटका, एफआईआर रद्द करने की याचिका खारिज
अनियंत्रित कार आंगन में घुसी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चों का घर सड़क किनारे स्थित था और उसकी चहारदीवारी नहीं बनी थी। सोमवार को दोनों मासूम भाई-बहन आंगन में खेल रहे थे। इसी दौरान नवेगांव रेलवे स्टेशन पर पदस्थ स्टेशन मास्टर अश्विनी कुमार सोनी अपनी टाटा टियागो कार लेकर वहां से निकल रहे थे। उन्होंने अचानक अपनी कार को विपरीत दिशा में मोड़ दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सीधे घर के आंगन में जा घुसी और बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और स्थानीय लोग तुरंत दोनों बच्चों को गंभीर अवस्था में जुन्नारदेव अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाई दूज मनाने आए परिवार की खुशियां अचानक शोक में बदल गईं।
आरोपी स्टेशन मास्टर हुआ गिरफ्तार
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जुन्नारदेव पुलिस ने आरोपी कार चालक अश्विनी कुमार सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चालक रेलवे के नवेगांव स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर तैनात है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।