मध्य प्रदेश के छतरपुर में इन दिनों अलग ही राजनीति चल रही है। चंदला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने बीते दिवस उन पर हुए हमले का आरोप बागेश्वर धाम के शिष्यमंडल पर लगाया है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
बता दें कि 11 अक्टूबर को चंदला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक आरडी प्रजापति के वाहन पर अज्ञात शख्स द्वारा पत्थर मारकर किया गया था। इसी मामलें में पूर्व विधायक अपने समर्थकों के साथ छतरपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। प्रजापति ने ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पूर्व विधायक प्रजापति का आरोप है कि उनके ऊपर यह हमला बागेश्वर धाम के शिष्य मंडल के द्वारा ही किया गया है। बता दें कि पूर्व विधायक ने बीते रोज सिविल लाइन थाने में मामले की शिकायत की थी और पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी थी।
ज्ञापन सौंपते हुए पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने कहा कि उनकी जान को खतरा है और उन्हें उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए, साथ ही उन्होंने यह भी खुले तौर पर आरोप लगाया कि अगर उन्हें कुछ होता है तो उसका जिम्मेदार, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर उनका शिष्य मंडल और शासन-प्रशासन होगा।
यह है पूरा मामला
मामला 3 अक्टूबर का है। इस दिन छतरपुर के मेला ग्राउंड में ओबीसी महासभा का आंदोलन चल रहा था। इसमें पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर एवं सवर्ण समाज के अन्य नेताओं के खिलाफ खुले मंच पर भड़काऊ भाषण दिया गया था। इसके बाद पूर्व विधायक का जिले में कई जगह विरोध हुआ है और उनके विरोध में कार्रवाई करने के लिए ज्ञापन भी सौंपे गए हैं। 11 अक्टूबर की शाम जब पूर्व विधायक सटई रोड पर अपने निज सचिव के साथ घर लौट रहे थे तभी पेट्रोल पंप के पास अज्ञात शख्स ने उनकी गाड़ी पर पत्थर मार कर हमला किया था, जिससे गाड़ी का पीछे का कांच भी टूट गया था।
बागेश्वर धाम पर क्या कहा
पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने बागेश्वर धाम में पीठाधीश्वर द्वारा भूत प्रेत बाधा के नाम पर महिलाओं को भाव खिलवाने (नचवाने) का भी विरोध करते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। कहा कि जब एक ओर बेटी के नवरात्रि के दौरान मंदिर की सीढ़ियों पर में नाचने पर गृहमंत्री उस पर FIR के आदेश करते हैं तो हमारी मातृशक्ति को भाव खिलाने नचवाने वाले बागेश्वर धाम पर क्यों नहीं की जाती। बागेश्वर धाम पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह हमारे ही पुरखों को यह भूत और चुड़ैल बताता है अपनों को नहीं, यह कैसा जानकार है। अगर इतना ही जानकार है तो सुधारे अपने पिता और भाई को जो शराब पिये रहते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बारे में क्या कहा
पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने वर्तमान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो लोकसभा के सांसद बीडी शर्मा और भाजपा के जिला महामंत्री अरविंद पटैरिया पर जातिवाद के अलावा तमाम तरीके के गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रजापति ने कहा है कि जब से वीडी शर्मा अध्यक्ष बने हैं तबसे सब होने लगा। इनके दुकानें खुल गईं। करोड़ों-अरबों रुपये कहां से आ रहा। यहां कलेक्टर SP कुछ भी नहीं, यही हैं सब। मैं यो कहता हूं ये जो जनसुनवाई चलती है न यहां तो उसमें अरविंद पटैरिया और वीडी शर्मा को बैठा देना चाहिए। कहां से आया इतना पैसा। कुछ बने नहीं और अरबों की संपत्ति कहां से आई, ब्यात है क्या (पैदा होती है क्या)। हमारे क्षेत्र का पैसा लूटकर हमारे क्षेत्र के लोगों को लड़वा रहे, कटवा रहे, मरवा रहे हैं, पैसा ले जा रहे हैं। बुंदेलखंड के लोगों को मत लड़वाओ बहुत बुरा कर रहे हो, मैं तो ऊपर के पार्टी के लोगों से भी कहना चाहता हूं कि देखो क्या चल रहा है यहां।
मामले में छतरपुर भाजपा जिलाध्यक्ष मलखान सिंह का कहना है कि यह सरासर गलत है और पूरा जिला जानता है आरडी प्रजापति अनर्गल बात करने और आरोप लगाने के मास्टर हैं। उनके लगाए आरोप गलत हैं। इस मामले में हम शिकायत करेंगे हम उनके बेटे राजेश प्रजापति, जो कि हमारे विधायक हैं, उनसे बात करेंगे कि इस तरह का कृत्य नहीं होना चाहिए।