छतरपुर में भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां दो बाइकें आपस में भिड़ने से उस पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में 17 साल का कल्लू कुशवाहा, 18 साल का राहुल कुशवाहा और 55 साल के रामनारायण तिवारी थे। इसमें से पटवारी रामनारायण तिवारी जो कि पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष थे, उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, छतरपुर शहर के सटई रोड में निवास करने वाले रामनारायण तिवारी जिले के राजनगर अनुविभाग के खजवा गांव में पदस्थ थे, जो गुरुवार देर शाम राजनगर से छतरपुर लौटते समय छतरपुर-राजनगर बायपास मार्ग पर विक्रमपुर गांव के पास हादसे का शिकार हो गए। घटना के कुछ देर बाद ही जिला पंचायत CEO और IAS तपस्या सिंह परिहार (जो कि लवकुशनगर से दौरा कर लौट रहीं थीं) का वाहन वहां से गुजर रहा था और हादसा देख वाहन रोका।
वक्त की नजाकत और मामले की गंभीरता को देखते हुए घायलों की मदद करते हुए अपने गार्ड और ड्राइवर से गंभीर घायल को अपने वाहन में रखा और जिला अस्पताल लेकर आईं तो वहीं दो घायलों को अन्य वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में दो की हालत गंभीर थी तो वहीं एक कुछ ठीक था, जिनमें से एक गंभीर घायल (पटवारी रामनारायण जिसे CEO की गाड़ी में लाया गया) की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दूसरे गंभीर घायल को ग्वालियर मेडिकल रेफर किया गया है। एक घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिसकी हालात फिलहाल ठीक है।