छतरपुर में खाद्य विभाग ने पैकिंग फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की।
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर में खाद्य विभाग ने पैकिंग फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की। मिलावटी खाद्य पदार्थों को बेचने की सूचना पर छापा मारने पहुंची टीम ने फैक्ट्री को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि जिन ब्रांड के नाम से पैकिंग की जा रही थी, उनके पंजीयन संबंधित दस्तावेज नहीं मिल सके हैं।
जानकारी के अनुसार छतरपुर शहर के महोबा रोड बायपास पर व्यापारी अंकित असाटी द्वारा दाल, बेसन और पोहे की पैकिंग के संबंधित एक फैक्ट्री का संचालन किया जाता है। मंगलवार की दोपहर स्थानीय लोगों के द्वारा इस फैक्ट्री में मिलावटी खाद्य पदार्थों को बेचने की सूचना खाद्य विभाग को दी गई। जिसके बाद खाद्य अधिकारी अमित वर्मा एवं कोतवाली पुलिस की टीम फैक्ट्री पर छापा मारने पहुंच गई। छापे के दौरान इस फैक्ट्री में कई ब्रांड के रैपर मिले, जिनके भीतर पोहा और बेसन की पैकिंग की जा रही थी लेकिन व्यापारी ने खाद्य विभाग को इन ब्रांड के पंजीयन उपलब्ध नहीं कराए। यहां पर खुले पोहा को चार इक्का नामक रैपर में पैक किया जा रहा था जिसके पंजीयन दस्तावेज व्यापारी ने उपलब्ध नहीं कराए हैं। इसी तरह तूफान तेल और दाल के कुछ ब्रांड भी संदेहास्पद पाए गए हैं।
टीम ने यहां से दाल, बेसन और पोहा में मिलावट की जांच के लिए सेम्पल कलेक्ट किया है, जबकि सभी ब्रांड के पंजीयन दस्तावेज भी व्यापारी से मांगे गए हैं। समय पर दस्तावेज उपलब्ध न कराए जाने के कारण खाद्य विभाग की टीम ने व्यापारी की फैक्ट्री को सील कर दिया। आगे की जांच की जा रही है।