छतरपुर पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिलोन के आगे भूसोर के जंगल में एक खदनीया जैसी जगह में पेड़ों की आड़ में 5- 6 लोग बैठे हैं, जो बमीठा पेट्रोल पंप में डकैती की योजना बना रहे हैं। उनके पास कट्टा तलवार व चाकू है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अनुभाग स्तर पर टीम गठित की और घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों में तोहिद खान (उम्र 40 साल), अफसर खान (उम्र 19 साल), एलस खान (उम्र 19 साल), कैलस खान (उम्र 18 साल), विकल्स खान (उम्र 18 साल) है। सभी आरोपी चांदमारी मोहल्ला पन्ना के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का देसी कट्टा, दो जिंदा 315 बोर के कारतूस, एक लोहे की तलवार, दो लोहे के चाकू, एक लोहे की रॉड, मटमैले रंग की रस्सी, नीले काले रंग की टॉर्च, पांच प्लास्टिक के डिस्पोजल गिलास, तीन खाली प्लेन देसी मदिरा के क्वार्टर, 5 देसी मदिरा प्लेन के क्वार्टर भरे हुए जब्त किए हैं। आरोपियों पर धारा 399, 402 आईपीसी 25 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पकड़े गए दो आरोपियों विकल्स और कैलस के खिलाफ पूर्व में कोतवाली पन्ना जिले के अपराध क्रमांक 894/21 धारा 364, 395, 396, 397, 302, 201 IPC हत्या सहित डकैती के अपराध में जमानत पर रिहा हैं।