ब्रेक फेल होने के कारण हुआ हादसा।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर से भोपाल की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर आष्टा के पगारिया घाटी के पास मुकाती फार्म हाउस के पास खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल आष्टा में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार शाम छह बजे के करीब एक कार मुकाती फॉर्म हाउस के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में अमित चौधरी (28) निवासी इंदौर और गोपाल मौर्य (30) निवासी इंदौर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अमन वर्मा, पीयूष सिजोरिया और रितेश मगरे सभी निवासी इंदौर घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार सवार युवक शादी में फोटो शूट करने के लिए इंदौर से भोपाल जा रहे थे। रास्ते में कार के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हो गया।