इंदौर-देवास बायपास पर सोमवार सुबह उस समय वाहन चालक सकते में आ गए जब एक आयशर वाहन (मिनी ट्रक) में आग लग गई। आयशर चालक को भी इसकी भनक नहीं लगी और वह गाड़ी चलाता रहा। कुछ ही देर में पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। जब आयशर चालक को इसका पता चला कि जिस गाड़ी को वह चला रहा है उसमें आग लगी है तो गाड़ी से कूदा और जान बचाई। फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।आग बुझाई लेकिन आग इतनी ज्यादा फैल गई थी कि वाहन और उसमें रखा सामान जल गया।
जानकारी के मुताबिकआयशर क्रमांक एचआर 61 वी 9721 नागपुर से देवास जा रही थी। चालक फिरोज जैसे ही गाड़ी को लेकर बायपास पर पहुंचा तो गाड़ी में आग लग गई। इससे फिरोज बेखबर था और गाड़ी चला रहा था। आयशर के पीछे चल रहे वाहन ये नजारा देखकर दहशत में आ गए और उन्होंने अपने वाहन जलते वाहन से दूर करना शुरू किए। हालांकि पीछे जा रहे वाहन चालकों को ये भय भी था कि गाड़ी चलाने वाले को आग की खबर नहीं होगी वरना गाड़ी रोक देता। इसी आशंका के चलते एक ट्रक तेज गति से आयशर को ओवरटेक कर आगे निकला और ड्रायवर फिरोज को बताया कि उसके वाहन में आग लग गई। फिरोज ने जैसे ही पीछे देखा तो होश उड़ गए। वह बिना देर किए वाहन को साइड में खड़ा कर नीचे कूदा। इसी बीच किसी ने फायर ब्रिगेड को खबर कर दी थी। दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। दमकल ने आग बुझाना शुरू किया लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। उसमें रखे पार्ट्स व अन्य सामान भी जल गए थे।