छतरपुर जिले के ईशानगर क्षेत्र के भेलसी गांव में शनिवार देर रात एक घर में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी दूसरी ई-स्कूटी व एक साइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटी और साइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, घटना भेलसी के स्कूल मोहल्ला की है। यहां रामगोपाल प्रजापति (40) के घर में रात करीब 12 बजे चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी में तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर रामगोपाल और उनकी पत्नी की नींद खुली। बाहर आकर देखा तो स्कूटी आग की लपटों में घिरी हुई थी।
कुछ ही देर में आग पास में खड़ी दूसरी इलेक्ट्रिक स्कूटी और साइकिल तक फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के लोग शुरुआती प्रयासों में उसे बुझा नहीं सके। इस दौरान बैटरी फटने जैसी आवाजें भी आती रहीं, जिससे आग और भड़कती गई और स्थिति भयावह हो गई।
पढ़ें: सुबह 4 बजे खुले महाकाल के पट, भव्य भस्म आरती में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु; गूंजा ‘जय श्री महाकाल’
परिवार ने छत से शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों ई-स्कूटी और साइकिल पूरी तरह जल चुकी थीं।
रामगोपाल प्रजापति ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि पूरा घर दहल गया। जब वे नीचे उतरे तो सीढ़ियों तक आग फैल चुकी थी, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ई-स्कूटी की बैटरी फटने से शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और सावधानी बरतने की अपील की है।