मध्यप्रदेश के विदिशा से विधायक लीना जैन ने किसी कार्यक्रम में कथित तौर पर ना बुलाए जाने के कारण अधिकारी को धमकी दी है। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि वह ग्यारसपुर के जनपद कार्यालय में हुई बैठक के दौरान हंगामा कर रही हैं।
उन्होंने इस वीडियो में कृषि विभाग के अधिकारी से कहा कि तुम यहां नौकरी नहीं कर पाओगे। जैन प्रोटोकॉल का पालन नहीं किए जाने से नाराज थीं। जैन ने शिक्षा और कृषि विभाग अधिकारियों को फटकार लगाई। जानकारी के मुताबिक विधायक ग्यारसपुर क्षेत्र में कृषि विभाग के आयोजन की जानकारी ना मिलने और उसमें पूर्व विधायक को आमंत्रित करने को लेकर नाराज थीं।
दरअसल मंगलवार को उत्कृष्ट विद्यालय ग्यारसपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व विधायक निशंक कुमार जैन को बुलाया था। इसके अलावा एक बीज वितरण कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी उन्हें ही बुलाकर बीज वितरण कराया। जबकि प्रोटोकॉल के अनुसार ये अधिकार वर्तमान विधायक का होता है। इस बात की जानकारी मिलते ही विधायक ने मीटिंग बुलाई और अधिकारियों को फटकार लगाई।
विधायक लीना जैन वीडियो में बोल रही हैं कि उनके अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने बैठक में ही कृषि विभाग के अधिकारी को ग्यासपुर में नौकरी नहीं कर पाने की धमकी भी दे दी। इस मामले में लीना जैन का कहना है कि दोनों कार्यक्रम की जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी। इसलिए उन्होंने अधिकारियों को ठीक तरह से काम करने के लिए नसीहत दी है।