राज्यपाल मंगू भाई पटेल को फ्लैग सौंपते हुए
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में वर्ष 2028 में 21वां वर्ल्ड रोज कन्वेंशन होने जा रहा हैं। सात दिवसीय कार्यक्रम में 40 से ज्यादा देशों के 500 प्रतिनिधि भाग लेंगे। मंगलवार को राजभवन में आयोजित बैठक में राज्यपाल पटेल ने वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ रोज सोसायटी द्वारा भारत को 2028 में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी के लिए सौंपे गए ध्वज को ग्रहण किया। बैठक का आयोजन इंडियन रोज फेडरेशन और मध्य प्रदेश रोज सोसायटी द्वारा किया गया था। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि वर्ल्ड रोज कन्वेंशन 2028 का भोपाल में आयोजन भारत और मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और गौरवशाली अवसर है। यह आयोजन भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और 'विश्वगुरु' बनने की दिशा में मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि यह अवसर भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता और आतिथ्य परंपरा को एक नई पहचान देगा। यह आयोजन 7 से 13 जनवरी 2028 के बीच भोपाल में होगा।
राज्यपाल ने कहा कि आयोजन के लिए भोपाल को 'रोज सिटी' के रूप में विकसित करने की पहल सराहनीय है। उन्होंने राजभवन परिसर में गुलाब की विभिन्न प्रजातियों के उत्पादन को दोगुना करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्यपाल ने वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ रोज सोसायटी के पहले भारतीय अध्यक्ष सुशील प्रकाश का सम्मान भी किया और आयोजन की तैयारियों को प्रेरणादायक एवं यादगार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने मध्य प्रदेश और भोपाल के नागरिकों से इस आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की। संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि यह आयोजन मध्यप्रदेश टूरिज्म को वैश्विक स्तर पर मजबूती देगा। उन्होंने बताया कि विदेशी मेहमानों को मध्यप्रदेश की संस्कृति, विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य से रूबरू कराने के लिए विशेष पर्यटन योजनाएं बनाई जाएंगी।