मध्यप्रदेश में 23 आईएएस अधिकारियों के तबादलें किए गए हैं। इनमें आदित्य सिंह को बालाघाट का नया कलेक्टर बनाया गया है। इससे पहले उन्हें अशोकनगर कलेक्टर के पद से हटाकर भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग में उप सचिव बनाया गया था। अशोनगर में उनके कार्यकाल के दौरान आनंदपुर ट्रस्ट से जुड़े जमीन नामांतरण के मामले में शिकायत सामने आने के बाद उनका नाम चर्चा में आया था। इसके अलावा, भोपाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ रहते हुए भी वह जमीनों की नीलामी से जुड़े विवाद को लेकर सुर्खियों में रहे थे। वहीं, बालाघाट के कलेक्टर कुमार सत्यम को हटाकर हरदा कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। बालाघाट में 32 बैगा बच्चों की मौत का मामला सामने आने के बाद यह मुद्दा चर्चा में रहा था। अब जिले की जिम्मेदारी आदित्य सिंह को सौंपी गई है।
ये भी पढ़ें-
एमपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 23 आईएएस अफसरों के तबादले, 11 जिलों के कलेक्टर बदले, सुखबीर सिंह सीएम के पीएस
सम्मान की घोषणा के दिन चर्चा में आया था तबादला
आदित्य सिंह जनवरी 2026 में उस समय चर्चा में आए थे, जब निर्वाचन कार्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए उनके सम्मान की घोषणा हुई थी। इसी दौरान उनके तबादले की खबर भी सामने आई। अशोकनगर में उनके कार्यकाल के दौरान आनंदपुर ट्रस्ट से जुड़े जमीन नामांतरण के मामले में शिकायत की चर्चा हुई थी। जानकारी के अनुसार, शिकायत में जमीन के नामांतरण के बदले करोड़ों रुपये मांगने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद कलेक्टर के तबादलें की चर्चा चल रही थी और देरशाम उनके ट्रांसफर के आदेश आ गए थे। वहीं, आदित्य सिंह ने आरोपों का खंडन किया था।
ये भी पढ़ें-
एमपी: 27% ओबीसी आरक्षण के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएगी सरकार, हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगाने की तैयारी
भोपाल स्मार्ट सिटी में भी विवादों में आए थे
आदित्य सिंह इससे पहले भोपाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ भी रह चुके हैं। वर्ष 2020-21 में भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र में स्मार्ट सिटी की तीन जमीनों की नीलामी को लेकर शिकायत हुई थी। आरोप था कि टेंडर प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किया गया। दो-दो फर्मों के हिस्सा लेने के बावजूद उनकी निविदाएं पहली बार में ही स्वीकार कर ली गईं। शिकायत में कहा गया था कि ऐसी स्थिति में दोबारा टेंडर बुलाए जाने चाहिए थे। तीनों प्लॉट के बेस प्राइस तय करने में भी गडबड़ी के आरोप लगे थे। प्लॉट नंबर 83 का बेस प्राइस 73.96 करोड़ रुपये, प्लॉट नंबर 79 का 63.80 करोड़ रुपये और प्लॉट नंबर 80 का 70.75 करोड़ रुपये रखा गया था। इस मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) में शिकायत की गई थी। इसके बाद आदित्य सिंह का सीईओ पद से ट्रांसफर कर दिया गया था।
ये भी पढ़ें-
एमपी: मरीज का नाम-मोबाइल नंबर नहीं, फिर कैसे सत्यापित हो रहे 108 एंबुलेंस बिल? लोकायुक्त ने मांगा प्रतिवेदन
कौन हैं आईएएस आदित्य सिंह?
आदित्य सिंह मध्यप्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 8 मार्च 1990 को हुआ था। वह रीवा के रहने वाले हैं। 10वीं तक रीवा में पढ़ने के बाद उन्होंने 11वीं और 12वीं की पढ़ाई कोटा राजस्थान से की। उन्होंने आईआईटी रुड़की से पेपर टेक्नोलॉजी में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है। आदित्य हरदा और अशोकनगर के कलेक्टर रह चुके हें। इससे पहले गुना में अपर कलेक्टर और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में डिप्टी सेक्रेटरी रह चुके हैं। अब आदित्य सिंह को बालाघाट की कमान सौंपी गई है।