त्विषा शर्मा मौत मामले में भोपाल अदालत ने आरोपी समर्थ सिंह को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अब उससे पूछताछ करेगी। समर्थ सिंह को जबलपुर में हिरासत में लिया गया था।
त्विषा शर्मा केस में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने समर्थ की 7 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। वहीं, त्विषा के परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन पर कोर्ट ने समर्थ का पासपोर्ट जब्त करने के भी आदेश दिए हैं।
भोपाल पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जब उनसे विस्तार से पूछताछ होगी और यदि यह सामने आता है कि फरारी के दौरान किसी ने उन्हें शरण दी थी, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, वह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे थे, लेकिन कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने की अनुमति नहीं दी। इस बीच मेरी टीम भी वहां मौजूद थी। इसके बाद मेरी टीम ने जबलपुर पुलिस की मदद से उन्हें हिरासत में ले लिया।
मेकअप का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया
त्विषा शर्मा के आखिरी मेकअप का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें वह ससुराल के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होती नजर आ रही है। वीडियो में वह सामान्य और रिलैक्स दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिया है। ब्यूटी पार्लर त्विषा के ससुराल से करीब 100 मीटर दूर बताया गया है। उधर, भोपाल के कटारा हिल्स स्थित त्विषा के घर के उस हिस्से की तस्वीर भी सामने आई है, जहां उसका शव मिला था।