कोलार इलाके के एक दुर्गा मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाश रात के समय मंदिर में घुसा तथा देवी की मूर्ति से जेवर उतारकर भाग निकला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कोलार पुलिस ने बताया कि 76 वर्षीय घनश्याम शर्मा सुमित्रा परिसर कोलार रोड पर रहते हैं। वे मां सिद्धेश्वरी दुर्गा मंदिर के पुजारी हैें। शर्मा ने पुलिस को बताया कि रविवार की रात करीब दस बजे वह मंदिर का ताला बंदकर घर चले गए थे। सोमवार की सुबह पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो एक तांबे का लोटा, माताजी के चांदी के आभूषण गले का हार, कान के झूमके, चांदी का छत्र एवं चिल्लर करीबन 500 रुपये और लोहे की बाउन्ड्रीवॉल की जाली चोरी हो चुकी थी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें-
दो थानाक्षेत्रों के लाइसेंसी बंदूकधारियों की जानकारी जुटा रही पुलिस, सूखी सेवनिया में चली थी गोली
इधर कटारा हिल्स स्थित त्रिभुवन कालोनी में एक ही कॉलोनी में धावा बोलने वाले बदमाशों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब दो बजे करीब एक दर्जन बदमाशों ने त्रिभुवन कॉलोनी में एकसाथ धावा बोला। बदमाशों ने चार मकानों चार दोपहिया वाहन चोरी कर लिए और एक मकान का ताला तोडक़र सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने इस मामले में विशाल सिंह और मनोज शर्मा की रिपोर्ट पर दो मामले दर्ज किए थे। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक करने पर दस से बाहर बदमाश दिखाई दिए, जो मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे। बदमाशों की आहट सुनने के बाद कॉलोनी वासियों की जब नींद खुली तो बदमाश भागने लगे। इस दौरान कुछ जेवरात और सामान रास्ते में गिर गया था, सुबह मिला। पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों की पहचान के बाद उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
ये भी पढ़ें-
पहले तीन तलाक, फिर हलाला का 'खेल', पति-सास की साजिश में फंसी महिला, FIR दर्ज
फुटेज में दिखने के बाद बदमाश की गिरफ्तारी नहीं
मिसरोद इलाके की पेसिफिक ब्लू रहवासी सोसायटी में शनिवार की रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर दीवार के तार काटकर कॉलोनी में दाखिल हुए और एक ही रात में तीन ब्लॉकों के पांच फ्लैटों के ताले तोड़ दिए। वे यहां से लाखों रुपए का माल लेकर चंपत हो गए हैं। चोरी की यह वारदात सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फरियादी राकेश कटारे (45 वर्ष), निवासी इंडस टाउन फेस-3, मिसरोद ने पुलिस को बताया कि वे सोसायटी में मेंटेनेंस का काम करते हैं। शनिवार को सोसायटी के अध्यक्ष राकेश तिवारी ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि कॉलोनी की रेलवे पटरी की तरफ की दीवार के तार कटे हुए हैं और कैमरे चेक करने को कहा। जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखे, तो उसमें 3-4 अज्ञात युवक रात करीब 2:10 बजे कॉलोनी में घुसते नजर आए। जब राकेश कटारे अन्य रहवासियों के साथ मौके पर पहुंचे, तो पाया कि ब्लॉक बी-02, बी-03 और सी-3 के फ्लैटों के ताले टूटे हुए थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की यह वारदात अरविंद कुमार गुप्ता, विकास खरे, नीरज मीना, अनुमेहा जैन और राघवेंद्र पांडे के घर हुई है। अरविंद गुप्ता और विकास खरे ने बताया कि वे त्योहार के चलते गांव गए हुए हैं और घर की अलमारी में पुराने इस्तेमाल के सोने-चांदी के जेवर और नकदी रखे थे, जो अब गायब हैं। जबकि अन्य तीन फ्लैटों में केवल सामान अस्त-व्यस्त मिला, लेकिन कोई कीमती चीज नहीं चोरी हुई। सभी मामलों में पुलिस ने चोरी का प्रकरण तो दर्ज किया है लेकिन बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है।