मध्य प्रदेश के भोपाल में बागसेवनिया पुलिस ने बदमाशों पर कार्रवाई की है। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल के घर से चोरी करने वाले बदमाशों को बागसेवनिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने उनके घर से दो लाइसेंसी रिवॉल्वर और अन्य सामान चुरा लिया था। पुलिस ने एक आरोपी को उस समय पकड़ा जब वह चोरी की गई रिवॉल्वर बेचने की फिराक में घूम रहा था।
कैसे हुई चोरी
बागसेवनिया पुलिस के मुताबिक, राजकुमार पटेल का घर विद्यानगर में है। 12 सितंबर को वे अपने परिवार सहित पैतृक गांव बकतरा, जिला सीहोर गए थे। जब वे 16 सितंबर को लौटे तो देखा कि मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है और घर का सामान बिखरा पड़ा है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने ताला तोड़कर घर से दो लाइसेंसी रिवॉल्वर और अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि, घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल पाए थे।
मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लहारपुर स्थित इकोलॉजिकल पार्क में रिवॉल्वर बेचने की कोशिश कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और संदेही अतीक खान उर्फ आसू खान (28) निवासी अशोका गार्डन को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक रिवॉल्वर और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर अफजल अली (32) निवासी शाहजहानाबाद को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी एक रिवॉल्वर, कारतूस और एक आईफोन मिला।
ये भी पढ़ें- यहां गरबा में गड़बड़ : पंडाल में प्रैक्टिस कर रही महिला को उठा ले गए थे अपहरणकर्ता, गुत्थी सुलझी तो खुला राज
नशे के आदी हैं आरोपी
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी सिंथेटिक नशे के आदी हैं। नशा करने के बाद वे सूने मकानों को निशाना बनाते थे। आरोपी घरों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति देखकर रैकी करते और मौका देखकर वारदात करते। इस घटना में उन्होंने मकान की बुझी लाइट और बरामदे में पड़े पुराने अखबार देखकर अंदाजा लगाया कि घर कई दिनों से खाली है। इसके बाद उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें- Indore News: चूहाकांड फिर गरमाया, बच्ची की अस्थियां लेकर परिजन प्रदर्शन करने एमवाय अस्पताल पहुंचे