रेलवे ट्रैक पर बाइक फंसने से बड़ा हादसा टल गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश में एक बड़ा रेल हादसा टल गया। लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर स्टंट कर रहे युवक की बाइक देख ली और स्पीड कम कर ली। ऐसा न करता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मध्यप्रदेश में शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सागर जिले के बीना में एक मोटरसाइकिल सवार रेलवे ट्रैक पर स्टंट कर रहा था। इस दौरान उसकी बाइक ट्रैक पर फंस गई। उसका यह दुस्साहस एक बड़े हादसे की वजह बन सकता था, जिससे यात्रियों और रेलवे स्टाफ की जिंदगी खतरे में पड़ सकती थी।
घटना तड़के 3:35 बजे की है। केरल एक्सप्रेस (नई दिल्ली-त्रिवेंद्रम ट्रेन नंबर 12626) प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ रही थी, तभी रीवा के भरुआ गांव में रहने वाला ब्रजेश शुक्ला (35) ट्रैक पर पहुंचा। शुक्ला तो उछलकर गिर गया, लेकिन उसकी बाइक इंजन के अगले हिस्से में लगे कैटल गार्ड में फंस गई। हादसे के वक्त ट्रेन की स्पीड काफी कम थी। अगर स्पीड अधिक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन मास्टर एसके शर्मा, आरपीएफ स्टाफ और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। आरपीएफ ने शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया, वहीं रेलवे कर्मचारियों को इंजन से बाइक को निकालने में 45 मिनट का समय लग गया। उसके बाद ही हालात सामान्य हो सके।
भोपाल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें लेट
बीना में हुए इस हादसे की वजह से केरल एक्सप्रेस के पीछे आ रही कई रेलगाड़ियां लेट हो गईं। शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस भी 30 मिनट लेट हो गई। सुबह चार बजकर 20 मिनट पर ट्रैक सामान्य हो सका। रेलवे सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारियों का कहना है कि लोको पायलट ने बाइक देख ली थी, इस वजह से उसने स्पीड कम कर दी थी। यदि ट्रेन की स्पीड अधिक होती तो उसके बेपटरी होने का खतरा भी था।