रक्षाबंधन के मौके पर ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय प्रजापिता विश्वविद्यालय से जुड़ी बहनों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के निवास पहुंचकर उन्हें राखी बांधी। बहनों ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए उनके लिए आशीर्वाद स्वरूप एक स्लोगन कार्ड भी भेंट किया। स्लोगन कार्ड पर लिखा था- "आप समर्थ संकल्पों के माध्यम से व्यर्थ के विषयों को समाप्त करने वाली श्रेष्ठ आत्मा हैं।" इस दौरान बहनों ने मुख्यमंत्री को माउंट आबू स्थित ब्रह्मकुमारी संस्था के मुख्यालय में होने वाली संगोष्ठी में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
ये भी पढ़ें-
भोपाल में बीएसएनएल के दो इंजीनियर को 1.50 लाख की रिश्वत लेते सीबीआई ने दबोचा
माउंट आबू में तीन दिन की संगोष्ठी
ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से माउंट आबू में 18 से 20 सितंबर तक माइंड-बॉडी मेडिसिन विषय पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है। संगोष्ठी का आयोजन ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, ग्लोबल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर ट्रस्ट के सहयोग से कर रहा है।
ये भी पढ़ें-
तेंदुओं के शिकार और अंगों की तस्करी में मुरैना से एक और आरोपी गिरफ्तार, एसटीएसएफ की कार्रवाई
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पर सरकार का जोर
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और मजबूत रिश्ते का पर्व है। यह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को भी दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक मजबूती के लिए लगातार काम कर रही है। लाड़ली बहना योजना सहित कई योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से रक्षाबंधन के अवसर पर भारतीय संस्कृति और परंपराओं के सम्मान के साथ महिला सशक्तीकरण को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील भी की।