स्कूल के बाहर प्रदर्शन करते कांग्रेसी नेता
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल के स्कूलों में बच्चों के साथ हो रही घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। दो दिन पहले कटारा हिल्स थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में 10वीं के छात्र के साथ केमिस्ट्री टीचर द्वारा यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। इसके विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। गोविंदपुरा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी रविंद्र साहू 'झूमरवाला' और कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर नारेबाजी की और स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की। इधर प्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने रीवा के कालेज की छात्रा के साथ हुई घटना को लेकर प्रदेश में तालिबानी शासन लागू करने की मांग कर दी उन्होंने कहा है कि रेपिस्ट के हाथ पांव काटकर जनता के सामने फेंक देना चाहिए। पीसी शर्मा ने सरकार को घेरते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
प्रदेश में बच्चे सुरक्षित नहीं, कानून व्यवस्था ठप
पीसी शर्मा ने कहा कि रेपिस्ट के हाथ पांव काटकर जनता के सामने फेंक देना चाहिए। पीसी शर्मा ने कहा कि प्रदेश में लगातार दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे हैं। बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं। कानून व्यवस्था ठप हो चुकी है। इस दौरान विवादित बयान देते हुए प्रदेश में तालिबानी शासन लागू करने की मांग कर दी। पूर्व मंत्री ने आगे कहा कि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर में बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। अब रीवा में भी सामूहिक दुष्कर्म का बड़ा मामला सामने आया है। अपराधियों में कानून का खौफ खत्म हो चुका है। मैं भी मांग करता हूं कि उनके हाथों काटकर जनता के सामने फेंक देना चाहिए। इनका एनकाउंटर कर देना चाहिए। तब उनमें दहशत होगी। ऐसे दरिंदों को सरेआम चौराहे पर फांसी दी जाए, तब कहीं जाकर घटनाएं कंट्रोल होगी।
रीवा में कॉलेज छात्रा के साथ हुआ दुष्कर्म
रीवा के अतरैला थाना क्षेत्र में मोबाइल रिपेयरिंग कराने जा रही कॉलेज की छात्रा के साथ दो आरोपियों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना के बाद पुलिस तत्काल एक्शन में आई। जहां छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए रीवा लाया गया। वहीं आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। रविवार देर रात परिजन पीड़िता के साथ महिला थाने पहुंचे।
संचालक पर एफआईआर कर स्कूल की मान्यता करें रद्द
स्कूल के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस नेता रविन्द्र साहू झूमरवाला ने कहा कि भोपाल में पिछले चार दिनों में तीन-चार बलात्कार की घटनाएं बच्चों के साथ सामने आई हैं। बच्चों के परिजन और जनता बहुत चिंतित हैं। उसी को लेकर हम आज स्कूल के बाहर धरने पर बैठे थे। इसी स्कूल में दो साल से एक बच्चे के साथ अप्राकृतिक कृत्य किया जा रहा था। वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। इस स्कूल के संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साहू ने कहा कि भोपाल में ही एक बच्ची से टीचर द्वारा रेप के मामले में एक अन्य स्कूल की मान्यता रद्द की गई है तो इस स्कूल की भी मान्यता रद्द की जाए। एक कानून बनाया जाए जो भी स्टाफ भर्ती किया जाए टीचर से लेकर, ड्राइवर, क्लीनर सहित पूरे स्टाफ का 20 साल का चरित्र प्रमाण पत्र लेकर उनको भर्ती किया जाए।
यह था पूरा मामला
गौरतलब है कि 16 साल का एक नाबालिग कटारा हिल्स के एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र है। करीब एक साल पहले स्कूल के केमिस्ट्री टीचर ने डरा-धमकाकर छात्र के साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था और उसका वीडियो भी बना लिया था। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी टीचर करीब एक साल से छात्र का शोषण कर रहा था। दो दिन पहले छात्र ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी जिसके बाद शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।