फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपाल इज्तिमा में दस लाख से ज्यादा मेहमानों की तैयारी: 35 हजार वालंटियर्स संभालेंगे मोर्चा, प्रशासन अलर्ट पर

Sun, 22 Nov 2026 01:31 PM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल

सार

भोपाल के ईंटखेड़ी में 4 से 7 दिसंबर तक होने वाले 79वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा में 10 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है। 120 एकड़ में पंडाल और 350 एकड़ में पार्किंग तैयार की जा रही है। 35 हजार वालंटियर्स व्यवस्था संभालेंगे। प्रशासन ने सभी विभागों को 28 नवंबर तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। मेट्रो निर्माण के कारण प्रभावित सड़कों पर यातायात संभालना बड़ी चुनौती होगी।
विज्ञापन
भोपाल में होने वाले 79वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भोपाल के ईंटखेड़ी में होने वाले 79वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां अब तेजी से अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। चार से सात दिसंबर तक होने वाले इस आयोजन में 10 लाख से अधिक जायरीनों के पहुंचने का अनुमान है। इतनी बड़ी भीड़ को संभालने के लिए 35 हजार वालंटियर्स की तैनाती की तैयारी है। आयोजन स्थल पर 120 एकड़ में पंडाल तैयार किया जा रहा है, जबकि वाहनों की पार्किंग के लिए करीब 350 एकड़ जमीन पर व्यवस्था विकसित की जा रही है। तैयारियों को लेकर 19 नवंबर को संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें सड़क, पेयजल, बिजली, सफाई, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने सभी विभागों को 28 नवंबर तक निर्माण और व्यवस्थागत काम पूरे करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण और सुरक्षा इंतजामों की मॉक ड्रिल भी कराई जाएगी। 
विज्ञापन


35 हजार वालंटियर्स के हाथ में होगी व्यवस्था
इस बार आयोजन में वालंटियर्स की बड़ी टीम तैनात होगी। इनमें 15 हजार वालंटियर्स यातायात व्यवस्था संभालेंगे, जबकि 20 हजार वालंटियर्स भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और दूसरी व्यवस्थाओं में लगाए जाएंगे। यातायात पुलिस इन्हें विशेष प्रशिक्षण देगी। आयोजन में 10 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विज्ञापन


120 एकड़ में पंडाल, 350 एकड़ में पार्किंग
ईंटखेड़ी-घासीपुरा स्थित इज्तिमागाह में करीब 120 एकड़ में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसका ढांचा खड़ा हो चुका है। वहीं, लगभग 350 एकड़ में पार्किंग जोन विकसित किए जा रहे हैं। छोटे, मध्यम और बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था बनाने की तैयारी है। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग श्रमदान कर पंडाल, पानी और साफ-सफाई के काम में सहयोग कर रहे हैं। 

मेट्रो निर्माण के बीच यातायात संभालना बड़ी चुनौती
इज्तिमा की तैयारियों के बीच शहर की सड़कों और यातायात को लेकर चिंता भी सामने आई है। भोपाल रेलवे स्टेशन के आसपास मेट्रो निर्माण के कारण पहले से जाम की स्थिति बन रही है। स्टेशन से भारत टॉकीज, नादरा बस स्टैंड और अल्पना तिराहे की ओर यातायात प्रभावित है। इज्तिमा के दौरान 10 से 12 लाख लोगों की आवाजाही बढ़ने पर परेशानी और बढ़ सकती है। ईंटखेड़ी पहुंचने वाले रास्तों पर भी सड़क की खराब स्थिति और मेट्रो के बैरिकेड यातायात प्रबंधन की चुनौती बढ़ा रहे हैं। पार्किंग और डायवर्जन प्लान को अंतिम रूप देना प्रशासन के सामने अहम काम है।

इस बार पानी की खपत 30 प्रतिशत घटाने का लक्ष्य
इज्तिमा इंतजामिया कमेटी ने इस बार जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया है। पिछले तुलनीय आयोजन के मुकाबले पानी की खपत 30 प्रतिशत कम करने का लक्ष्य रखा गया है। वुजू के दौरान पानी की बर्बादी रोकने, पाइपलाइन लीकेज नियंत्रित करने और पेयजल का व्यवस्थित वितरण करने की तैयारी है।

प्लास्टिक पर रोक, बचे भोजन से बनेगी खाद
आयोजन को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध रहेगा। पानी की बोतलों को छूट दी जाएगी। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र किया जाएगा। बचे हुए भोजन से खाद बनाने और गंदे पानी के उपचार की योजना भी तैयार की जा रही है। 
विज्ञापन


यह भी पढ़ें-आयुर्वेद शोध: 15 साल से मां बनने का इंतजार...बांझपन के इलाज में आयुर्वेद की नई उम्मीद, गर्भधारण में मिली सफलता

स्वास्थ्य, सुरक्षा और खाने की गुणवत्ता पर नजर
इज्तिमा स्थल पर 24 घंटे चिकित्सा और एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रखने की तैयारी है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। पेयजल के नमूनों की जांच भी कराई जाएगी। बिजली के इंतजामों की तकनीकी जांच होगी, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की आपात स्थिति से बचा जा सके।  प्रशासन ने सभी विभागों को 28 नवंबर तक लंबित काम पूरे करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद व्यवस्थाओं का परीक्षण और मॉक ड्रिल होगी। यानी दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू होने वाले इस बड़े आयोजन से पहले प्रशासन के पास तैयारियों को परखने के लिए सीमित समय बचा है।


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें