निवाड़ी जिले की जैरोन खालसा नगर परिषद अध्यक्ष कुसुम पस्तोर को पद से हटाने के लिए बुधवार को मतदान हुआ। अध्यक्ष को वापस बुलाने के लिए हुए इस मतदान में 61.52 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अब सभी की नजरें 6 नवंबर को होने वाली मतगणना पर हैं। इसके बाद तय होगा कि कुसुम पस्तोर अध्यक्ष पद पर बनी रहेंगी या उन्हें पद छोड़ना पड़ेगा। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने के लिए 4 नवंबर को मतदान कराया गया। जैरोन खालसा नगर परिषद में कुल 15 वार्ड हैं। वर्ष 2022 के आम चुनाव में कुसुम पस्तोर अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं।