मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को रायसेन रोड स्थित ओरिएंटल कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा से लेकर मतदाता सूची तक के मुद्दे उठाए। उन्होंने छात्रों से पूछा कि क्या पाकिस्तान भारत में बम फोड़ने आ सकता है? विद्यार्थियों ने जवाब दिया- नहीं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में तालियां बजाने को कहा। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ युवा संवाद-2026’ कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से बड़े भाई की तरह बातचीत की और उनके सवालों के जवाब दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का लोकतंत्र युवाओं के भरोसे सुरक्षित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, नए संसद भवन और भारतीय पासपोर्ट की प्रतिष्ठा का उल्लेख किया। उनका कहना था कि वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया का अग्रणी और समृद्ध देश बनाने में युवाओं की अहम भूमिका होगी।
ये भी पढ़ें-
मध्यप्रदेश: कूनो में चीते के शिकार के बाद वन्यजीवों की सुरक्षा पर सवाल, अजय दुबे ने मांगी सीबीआई जांच
एसआईआर और मतदाता सूची पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने छात्रों से पूछा कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कौन-सा है और मतदाता सूची में किन लोगों के नाम होने चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव की निष्पक्षता के लिए मतदाता सूची का सही होना जरूरी है। एसआईआर के तहत मतदाता सूची की जांच का समर्थन करते हुए उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा भी उठाया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष के चुनाव आयोग पर सवाल उठाने के तरीके की आलोचना की।
ये भी पढ़ें-
एमपी में स्वामित्व योजना: अब तक 7.62 लाख रजिस्ट्रियां पूरी, 50 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दो लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ने पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष का रुख चुनाव परिणामों के हिसाब से नहीं बदलना चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा के अभियान के तहत मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर पार्टी का पक्ष भी रखा गया।
ये भी पढ़ें-
देवास शराब कांड: जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया समेत तीन निलंबित, आबकारी आयुक्त ने जारी किए आदेश
युवाओं और खिलाड़ियों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा साल में दो बार कराने जा रही है, ताकि युवाओं को अधिक अवसर मिल सकें। उन्होंने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की बात भी कही। खेल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में कुल 11 पदक जीते, जिनमें पांच स्वर्ण पदक शामिल हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स ने मुख्यमंत्री को सलामी देकर स्वागत किया। ओरिएंटल कॉलेज के विद्यार्थियों ने हनुमान चालीसा की सांगीतिक प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा गौर सहित कॉलेज के पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।