फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Weather: उज्जैन में आंधी से दो लोगों की मौत; आधा दर्जन से अधिक घायल, सतना में बारिश तो कटनी में छाया अंधेरा

Sun, 28 May 2023 09:00 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

बीते 24 घंटों में चंबल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, शहडोल संभाग के जिलों में बारिश दर्ज की गई। रविवार शाम को उज्जैन में अचानक आई आंधी-बारिश से दो लोगों की मौत हो गई तो महाकाल लोक की मूर्तियां भी गिरकर टूट गई हैं। 
विज्ञापन
उज्जैन में आंधी से उखड़ गया। दबने से एक की मौत हो गई - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्यप्रदेश का मौसम का मिजाज समझ से परे है। बीते तीन दिनों से कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटों में चंबल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, शहडोल संभाग के जिलों में बारिश दर्ज की गई। रविवार शाम को उज्जैन में अचानक आई आंधी-बारिश से दो लोगों की मौत हो गई तो महाकाल लोक की मूर्तियां भी गिरकर टूट गई हैं। सतना में शाम के समय झमाझम पानी गिर गया तो कटनी में आंधी के कारण कई घंटों तक बिजली गुल रही। 
विज्ञापन


उज्जैन में जानलेवा आंधी
उज्जैन में रविवार दोपहर बारिश के साथ आया आंधी तूफान पूरे शहर में कहर बनकर बरपा है। शहर में लगभग तीन स्थानों पर हुई घटना में जहां दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 
 

उज्जैन में पेड़ दुकान-मकान पर जा गिरा। - फोटो : सोशल मीडिया
पहला मामला छोटा सराफा क्षेत्र का है, जहां वर्षों पुराना बड़ का पेड़ तेज आंधी तूफान के कारण एक मकान और दुकान पर जा गिरा, जिससे दुकान में बैठे अयाज निवासी बेगमबाग कॉलोनी की मलबे में दबने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि टेलर की दुकान संचालित करने वाले नंदकिशोर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। क्षेत्रीय पार्षद रजत मेहता ने बताया कि दोपहर को आए तेज आंधी तूफान के बाद बड़ के पेड़ अचानक गिर गया पेड़ के गिरते ही तुरंत नगर निगम की रेस्क्यू टीम यहां पहुंच गई थी। जहां मृतक और घायल को तुरंत मलबे से बाहर निकाला गया और उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचा दिया गया। इस दौरान पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची जिनकी उपस्थिति में इस पेड़ को कटवाया गया। 

नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में अभिजीत पिता अरुण डोडिया निवासी शास्त्री नगर जो कि विद्युत मंडल में काम करता है। आंधी तूफान के दौरान बिजली बंद होने की शिकायत पर हाटकेश्वर विहार कॉलोनी गया था। जहां पर वह बिजली के पोल पर लाइट सुधार रहा था उसी समय बिजली का झटका लगने से वह नीचे गिर पड़ा। क्षेत्रवासी अभिजीत को तुरंत उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाए, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के साथ ही पवासा थाना क्षेत्र में भी एक निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक गिर गई। इससे गौतम ओसार, उसका पुत्र भावेश और हर्ष, भाभी पायल, भतीजा चेतन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है। 

आंधी के बाद 13 मरीज पहुंचे अस्पताल
जिला चिकित्सालय में ड्यूटी दे रहे डॉक्टर अमित ने बताया कि आंधी तूफान की घटना के बाद लगभग 13 मरीज अस्पताल पहुंचे हैं। जिसमें कुछ दीवार गिरने, चद्दर से घायल होने के कारण अस्पताल में आए हैं। इन घायलों में एक गंभीर मरीज को रेफर कर दिया गया है। जबकि एक व्यक्ति की पेड़ गिरने के कारण मलबे में दबने से मौत हो गई है। जबकि एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हुई। 

सीएम ने फोन पर जानें हालात
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मालवा क्षेत्र में तेज आंधी तूफान का संज्ञान लिया है। फोन पर उज्जैन कलेक्टर और उज्जैन संभाग कमिश्नर से चर्चा कर निर्देशित किया है। मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि आज मालवा क्षेत्र के उज्जैन एवं आसपास के इलाक़ों में तेज तूफ़ान से प्राकृतिक आपदा जैसी स्तिथी उत्पन्न हुई। इसमें दुर्भाग्य से दो लोगों की (1 उज्जैन और 1 नागदा में) मृत्यु हो गई और 3 लोग घायल हुए। लगभग 50 वृक्ष और बहुत से बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। महाकाल लोक में 155 प्रतिमाएं हैं जिनमें से तीन खंडित हुई हैं। ये सभी डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड के तहत कांट्रेक्टर द्वारा नई स्थापित की जाएंगी। 
 

सतना जिले के मैहर में आंधी का जोर रहा। - फोटो : सोशल मीडिया
सतना में तेज बारिश तो मैहर में गिरे ओले
सतना में बेमौसम बारिश का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। रविवार को अचानक हुए मौसमी बदलाव के बीच काले बादलों ने आसमान पर डेरा जमा लिया और तेज हवा के झोंकों के बाद शहर समेत ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। मैहर कस्बे में तो लोगों को ओलावृष्टि का सामना भी करना पड़ा। यहां तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि से मैहर में जीआरपी चौकी की छत उड़ गई, जिसमें स्टेशन मास्टर कक्ष को नुकसान पहुंचा है। वहां लगा सांची स्टॉल क्षतिग्रस्त हुआ और रेलवे स्टेशन में लगा टीन शेड भी उड़ गया।

रविवार को सतना जिले में मौसम ने दोपहर बाद अचानक करवट ली और अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। आसमान पर छाए काले बादलों ने माहौल कुछ ऐसा बना दिया कि दिन रहते भी अंधेरा नजर आने लगा। इस बीच सतना शहर के अलावा मैहर, उचेहरा, अमरपाटन में तेज बारिश हुई। मैहर में ओले भी गिरे और तेज हवा के झोंकों ने कई दरख्तों को भी धराशायी कर दिया। कई शेड और बोर्ड भी हवा में उड़ गए।

आधे घंटे के तूफान ने 5 घंटे बिजली कराई बंद
कटनी जिले की बिगडै़ल बिजली व्यवस्था ने एक बार फिर आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। इसके पीछे की वजह घंटों-घंटों तक बिजली बंद करने को बताया जा रहा है। रविवार दोपहर 2 बजे चली तेज हवाओं के चलने के बाद से बंद हुई बिजली 7.14 बजे तक चालू नहीं हुई। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक 11 केवी के लाइन फॉल्ट हो गई जिसका सुधार कार्य जारी है। आपको बता दें कटनी जिले में बीते कुछ समय से बिजली व्यवस्था बदहाली की ओर बढ़ गई है जिसे लेकर न सिर्फ आमजन बल्कि जिले के जनप्रतिनिधि भी परेशान हैं। 
 
विज्ञापन

कैसा रहेगा आने वाला दिन
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों का पूर्वानुमान बताते हुए कहा है कि भोपाल, सागर, चंबल, ग्वालियर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों परा तो इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, नर्मदापुरम, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। विभाग ने दो अलर्ट भी जारी किए हैं। ऑरेंज अलर्ट में बताया है कि श्योपुरकलां, गुना, राजगढ़, विदिशा, शिवपुरी, छिंदवाड़ा, अनूपपुर, सागर, शाजापुर, डिंडौरी, आगर, सिवनी जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टी और आंधी चल सकती है। वहीं यलो अलर्ट बता रहा है कि भोपाल, सागर, चंबल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, नर्मदापुरम, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं आंधी चलने का अंदेशा है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें