मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में तेज बारिश हुई। कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और ग्रामीण इलाकों में रास्ते प्रभावित हुए हैं। तेज बारिश के चलते भोपाल, रायसेन, गुना और खंडवा में स्कूल बंद रखे गए हैं। मौसम विभाग ने 13 अगस्त को पूरे मध्य प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
5 जिलों में 4 इंच या ज्यादा बारिश का अनुमान
इंदौर-उज्जैन संभाग के रतलाम, झाबुआ, धार, बड़वानी और इंदौर में भारी बारिश की चेतावनी है। अगले 24 घंटे में इन जिलों में 4 इंच या उससे ज्यादा बारिश हो सकती है। इनमें इंदौर में बारिश का असर ज्यादा रहने का अनुमान है। इसके अलावा सीहोर, शाजापुर, नर्मदापुरम, रायसेन, बैतूल, छिंदवाड़ा, बालाघाट, जबलपुर, रीवा, सागर, टीकमगढ़, विदिशा, देवास और आगर-मालवा समेत कई जिलों में भी बारिश हुई है।
खरगोन में 8.1 इंच, भोपाल में 2.8 इंच
पिछले 24 घंटे में खरगोन में सबसे ज्यादा 8.1 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। खंडवा में 5.5 इंच और गुना में 4.6 इंच पानी गिरा। भोपाल में 70.6 मिमी यानी 2.8 इंच बारिश दर्ज हुई। इसमें अधिकांश बारिश मंगलवार शाम 7.30 से रात 9 बजे के बीच हुई। धार में 1 इंच, राजगढ़ में 0.9, शिवपुरी में 0.8, दतिया और उज्जैन में 0.7-0.7 तथा सीधी और इंदौर में 0.6-0.6 इंच बारिश हुई।
बारिश से कई इलाकों में जलभराव
राजगढ़ के खिलचीपुर में मंगलवार रात तेज बारिश से निचले इलाकों में जलभराव हो गया। बारिश रात करीब 8 बजे शुरू हुई और साढ़े 12 बजे तक जारी रही। शिवपुरी में तेज बारिश के बाद करीब 100 फीट ऊंचाई से पवा झरना बह निकला। यह झरना कोलारस और पोहरी तहसील के बीच स्थित है। बड़वानी में भारी बारिश के कारण अपरवेदा बांध का जलस्तर बढ़ रहा है। बुधवार सुबह इसका तीसरा गेट एक मीटर तक खोला गया, जबकि दो गेट पहले से दो-दो मीटर खुले हैं। जिले में 24 घंटे में 8 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम, 4 दिन बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवाती सिस्टम सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इंदौर के पास बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसून ट्रफ के असर से बारिश का दौर जारी रहेगा। अगले चार दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें-भारी बारिश में स्कूलों के ई-अटेंडेंस से राहत, शिक्षकों को नदी-नाले पार कर स्कूल पहुंचने की जरूरत नहीं
भोपाल में भी बारिश और गरज-चमक
राजधानी भोपाल में 13 अगस्त को हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रात में भी बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 28 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने बिजली चमकने और आंधी के दौरान खुले मैदान, बड़े पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माणों से दूर रहने की सलाह दी है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है।