मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। मंगलवार सुबह भोपाल के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। उसके बाद दिन भर उमस ने लोगों को परेशान किया। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन गुजरने की वजह से इन दिनों बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। इंदौर के कुछ इलाकों में दोपहर बाद करीब 3 बजे तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने श्योपुर, छिंदवाड़ा, शिवपुरी समेत 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
अगले एक सप्ताह तक ऐसा ही बना रहेगा मौसम
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि नार्थ-ईस्ट और साउथ राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है। वहीं, मानसून ट्रफ और नीचे आई है। यह प्रदेश में रायसेन, मंडला होते हुए गुजर रही है। इन सिस्टम की वजह से पूरे प्रदेश में तेज बारिश हो रही है। यह दौर अगले एक सप्ताह तक बना रहेगा। उन्होंने बताया कि पिछले 48 घंटे में प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई।
पिछले 24 घंटे में इतनी हुई बारिश
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार बीते, 24 घंटे की बात करें तो बैतूल, भोपाल, धार, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, खरगोन, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, शिवपुरी, उज्जैन, छतरपुर के खजुराहो, मंडला, सिवनी, उमरिया, बालाघाट के मलाजखंड में बारिश हुई। बैतूल में सबसे ज्यादा 1.7 इंच पानी गिर गया। वहीं, अब तक मंडला में सबसे ज्यादा 13.18 इंच पानी गिरा है जबकि रीवा में सबसे कम 4.15 इंच बारिश हुई है।
अब तक सबसे ज्यादा और कम बारिश वाले जिले
मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक सबसे ज्यादा बारिश वाले जिलों में मंडला, सिवनी, भोपाल, डिंडोरी और श्योपुर शामिल हैं। वहीं, सबसे कम बारिश वाले 5 जिलों में रीवा, उमरिया, सीधी, सिंगरौली और कटनी हैं। मंडला में सबसे ज्यादा 13.18 इंच पानी गिरा है जबकि रीवा में सबसे कम 4.15 इंच बारिश हुई है।
मौसम विभाग का मध्य प्रदेश का अलर्ट
मौसम विभाग में अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है जिसमें बताया गया है कि शिवपुरी, हरदा, बैतूल, धार, मांडू, इंदौर, आंध्र प्रदेश, देवास, मंडला, श्योपुर कलां, दक्षिण मुरैना, डिंडोरी, नर्मदापुरम, पचमढ़ी, दतिया, रतनगढ़, जबलपुर, भेड़ाघाट, आंध्र प्रदेश, निवाड़ी, ओरछा, मऊगंज, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, खंडवा, ओंकारेश्वर में बिजली के साथ मध्यम तूफान जारी रहने की संभावना है। साथ ही भिंड, ग्वालियर, कुनो एनपी, उत्तरी गुना, उत्तरी अशोकनगर, सीहोर, रायसेन, मंदसौर, नीमच, बड़वानी, खरगोन, महेश्वर, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, उत्तरी सिवनी, उत्तरी बालाघाट, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, कटनी, अनूपपुर, अमरकंटक और उमरिया में शाम के समय बिजली के साथ हल्की आंधी जारी रहने की संभावना है।