मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में ठंड ने अपनी दस्तक देना शुरू कर दिया है। ग्वालियर, पचमढ़ी, रीवा और राजगढ़ में रात का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। भोपाल और इंदौर में भी रात का तापमान गिरकर 21-22 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिवाली तक प्रदेश के अधिकतर शहरों में रातें ठंडी हो जाएंगी और तापमान में और गिरावट आ सकती है।
छिंदवाड़ा में अचानक बारिश, मक्का बहा
शुक्रवार को छिंदवाड़ा में दोपहर के समय अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे कुसमैली अनाज मंडी में खुले में रखा मक्का बह गया। मंडी निरीक्षक विकास जैन ने बताया कि खरीदी के बाद मक्का खुले में रखा गया था, जो तेज बारिश के कारण पानी में बह गया। छिंदवाड़ा में सुबह से ही घने बादल छाए हुए थे, जो दोपहर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश में बदल गए।
12 जिलों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण यह मौसम परिवर्तन हो रहा है। विभाग ने बताया कि 20 अक्टूबर के बाद सिस्टम की सक्रियता कम हो जाएगी और बारिश का दौर थमने लगेगा।
क्यों बदला मौसम?
दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी तटीय तमिलनाडु के ऊपर बना लो प्रेशर एरिया आगे बढ़कर डिप्रेशन में बदल जाएगा, जिससे मध्यप्रदेश में भी इसका असर देखने को मिलेगा। इसके अलावा, दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय हैं, जिससे प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश और मौसम में बदलाव हो रहा है।
अगले 24 घंटे में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में मौसम साफ रहेगा और धूप निकली रहेगी।
रातें ठंडी, तापमान 20 डिग्री से कम
ग्वालियर, पचमढ़ी, रीवा और राजगढ़ में रात का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ चुका है। पचमढ़ी, जो प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन है, में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। यहां हरियाली के कारण तापमान सबसे कम रहता है। खजुराहो और नौगांव में भी रात का तापमान 20 डिग्री से कम हो गया है। इंदौर और भोपाल में भी रात का तापमान 22 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है।
दिन के तापमान में भी गिरावट
पचमढ़ी समेत कई शहरों में दिन का तापमान भी घटा है। गुरुवार को पचमढ़ी में दिन का तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं शिवपुरी में 28 डिग्री और सिवनी में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।