कांग्रेस ने श्योपुर जिले के विजयपुर में अगले माह होने वाले उपचुनाव के लिए जाति विशेष के बीएलओ नियुक्त करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। पार्टी ने इस संबंध में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से कार्यवाही करने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस के चुनाव आयोग कार्य प्रभारी जेपी धनोपिया ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को एक शिकायती पत्र में कहा है कि प्रदेश में दो स्थानों पर विधानसभा उपचुनाव की घोषणा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा की गई है तथा आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो चुकी है। विजयपुर विधानसभा उपचुनाव क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश शासन के वन मंत्री रामनिवास रावत को प्रत्याशी घोषित किया गया है एवं चुनाव के पूर्व प्रशासनिक स्तर पर रावत के पक्ष में उनके रिश्तेदारों को चुनाव ड्यूटी में तैनात करने का कार्य किया जा रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 46 बीएलओ को रामनिवास रावत की मंशा अनुसार पदस्थ किया गया है तथा प्रशासन द्वारा आचार संहिता लगने से पूर्व की पुरानी तारीखों मे शासकीय आदेश जारी किए जा रहे हैं। 9 बीएलओ की सूची प्राप्त हुई है, जिसमें रावत एवं मीना जाति के व्यक्तियों को ही पदस्थ किया जा रहा है। यहां तक कि मंत्रीजी के सगे रिश्तेदार को भी बीएलओ बना दिया गया है तथा मात्र 9 बीएलओ परिवर्तित किए जाने की सूची जारी की गई है।
निष्पक्ष रूप से चुनाव कराने की मांग
धनोपिया ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेजी शिकायत में कहा है कि विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव का मतदान स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के संबंध में विशेष कदम उठाए जाएं तथा जो 46 बीएलओ मंत्री रामनिवास रावत के प्रत्याशी होने के बाद बदले गए हैं, उस परिवर्तन को निरस्त किया जाए।