मैहर में 52वें उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह का आगाज
- फोटो : अमर उजाला
मैहर की सांगीतिक विरासत एक बार फिर सुरों के जरिए जीवंत हो उठी। दुनिया के अनूठे वाद्य नलतरंग की धुन और मैहर वाद्यवृंद की सामूहिक प्रस्तुति ने श्रोताओं को संगीत की अनूठी दुनिया में पहुंचा दिया। शुक्रवार को 52वें पद्म विभूषण उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह की पहली शाम में 108 साल पुरानी मैहर की संगीत परंपरा की झलक देखने को मिली। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित समारोह का शुभारंभ सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्कृति संचालनालय के संचालक एनपी नामदेव ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि डायरेक्टर प्रकाश सिंह ठाकुर ने अतिथियों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।