मध्य प्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान हो रहा है। प्रदेश में पंचायतों के 103 रिक्त पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें चार पंच, 79 सरपंच और पांच जिला पंचायत सदस्य के पद शामिल हैं। संबंधित जिलों में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासन की व्यवस्था की गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत स्तर पर जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच और पंच के कुल 4,235 रिक्त पदों के लिए उपचुनाव कार्यक्रम जारी किया था। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को मतदान होना था। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बड़ी संख्या में पदों पर उम्मीदवार ही नहीं मिले। वहीं 604 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए। कुछ पदों पर न्यायालय की रोक होने के कारण वहां चुनाव नहीं कराया जा रहा है। पंचायत उपचुनाव के साथ आगर-मालवा जिले की नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद के लिए भी सोमवार को मतदान कराया जा रहा है। इस चुनाव में भाजपा के प्रदीप सोनी और कांग्रेस के विष्णु पाटीदार आमने-सामने हैं। मतदान के बाद राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतगणना कराई जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।