मध्य प्रदेश में शनिवार को 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' का शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़कर संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मंत्रालय से प्रदेश के सभी कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों से इस यात्रा को सफल बनाने और तैयारियों को लेकर वर्चुअल बैठक की।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में आने वाले आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही की जाए। पात्र लाभार्थियों को हित लाभ वितरण होगा। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि आवेदन अपात्र होने की स्थिति में भी संबंधित व्यक्ति को सूचित अवश्य किया जाए। साथ ही उसका कारण भी बताया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों अधिकारियों के नामों का प्रकाशन कर सम्मानित किया जाएगा। यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को होगा।
केंद्र से आएंगे 366 रथ
मध्य प्रदेश के लिए 366 रथ केंद्र सरकार की तरफ से आएंगे। इनमें एलईडी स्क्रीन के साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी होगी। एलईडी स्क्रीन पर योजनाओं की जानकारी के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिकॉर्डेड भाषण चलेगा।
25 हजार पर दो कैंप
केंद्र सरकार की ग्रामीण क्षेत्र की 19 और शहरी क्षेत्र की 15 योजनाओं को विकसित भारत संकल्प यात्रा के लिए चिन्हित किया गया है। इसमें 25 हजार की आबादी पर दो कैंप का आयोजन किया जाएगा। इनमें योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को उपलब्ध कराने के लिए कैंप लगेंगे। जहां कार्ड बनाने से लेकर हितग्राहियों को संबंधित योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य शिविरों समेत ये काम होंगे
यात्रा के दौरान स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। आधार कार्ड अपग्रेड करने के लिए कैंप आयोजित किए जाएंगे। खाद्य विभाग द्वारा उज्जवला योजना के नए पंजीयन होंगे
पशुपालक/मछुआरों के क्रेडिट कार्ड के लिए नए आवेदन लिए जाएंगे। जन धन जीवन ज्योति योजना के नए आवेदन लिए जाएंगे। कृषि विभाग द्वारा केसीसी उन्नत कृषि यंत्र, पीएचई विभाग नल जल योजना का लाभ दिया जाएगा। राजस्व विभाग द्वारा पीएम किसान निधि एवं स्वामित्व योजना के साथ अन्य योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। सभी विभाग कैंप में अपने स्टॉल लगाएंगे।
स्कूलों में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
वहीं, विकसित भारत संकल्प यात्रा में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम धरती कहे पुकार के एवं स्वच्छता पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें निबंध प्रतियोगिता, पेटिंग, गीत, नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक के साथ शाला स्तर पर खेलकूद, एथलेटिक्स सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।