सीधी से भाजपा प्रत्याशी राजेश मिश्रा नामांकन फॉर्म जमात करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी करने के साथ ही नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई। पहले दिन तीन उम्मीदवारों ने 6 नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि नाम निर्देशन प्रक्रिया के पहले दिन लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-11 सीधी में दो उम्मीदवारों ने पांच नाम निर्देशन पत्र एवं लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-12 शहडोल (अजजा) में एक उम्मीदवार द्वारा एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। सीधी में भाजपा प्रत्याशी राजेश मिश्रा ने चार और कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश्वर पटेल ने एक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। हालांकि कमलेश्वर पटेल रैली के साथ 26 मार्च को दोबारा अपना नामांकन फॉर्म भरेंगे। इसके अलावा शहडोल में भाजपा प्रत्याशी हिमाद्री सिंह ने भी अपना नामांकन भरा।
यहां किसी ने नहीं भरा पर्चा
प्रथम चरण के शेष चार लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-13 जबलपुर, क्रमांक-14 मंडला (अजजा), क्रमांक-15 बालाघाट एवं लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-16 छिंदवाड़ा में आज किसी भी उम्मीदवार द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल नहीं किया गया। राजन ने बताया कि पहले चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि बुधवार, 27 मार्च है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा गुरुवार, 28 मार्च को की जाएगी। नामांकन भर चुके प्रत्याशी शनिवार, 30 मार्च तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। पहले चरण के लिए शुक्रवार, 19 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।