मध्य प्रदेश सरकार ने जेलों में बंद कैदियों की मजदूरी में बढ़ाई है। सश्रम कारावास की सजा काट रहे 21 हजार कैदियों की मजदूरी में इजाफा किया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने रविवार को बताया कि कुशल कैदियों की मजदूरी 120 रुपए से बढ़ाकर 154 रुपए प्रतिदिन की गई। वहीं, अकुशल कैदियों को 72 रुपए की जगह 92 रुपए प्रतिदिन मजदूरी दी जाएगी। मिश्रा ने कहा कि 21 हजार कैदियों को लाभ होगा। बता दें कैदियों के पारिश्रमिक बढ़ाने को लेकर पांच साल पहले 25 अप्रैल 2018 को सामान्य प्रशासन विभाग के एसीएस की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें गुजरात के सुप्रीम कोर्ट में 1998 के आदेश के पालन पर विचार किया गया। इसके आधार पर कैदियों के पारिश्रमिक बढ़ाने का निर्णय लिया गया था। लेकिन इसके बाद सरकार बदल गई। 2020 में कमलनाथ सरकार भी बदल गई। अब बीजेपी की सरकार ने अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे होने पर बैठक में लिए निर्णय पर आदेश जारी किए है।
एनआईए ने हिरासत में लिए युवकों को छोड़ा
गृहमंत्री ने सिवनी में एनआईए की कार्रवाई पर कहा कि अजीज सेल्फी और शोएब खान को हिरासत में लिया गया। जबलपुर तक ले गए थे। पूछताछ के बाद दोनों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया। तीसरे व्यक्ति अकरम से भी पूछताछ की गई थी। इन्हें नोटिस देकर बेंगलुरू बुलाया गया है। इनके पास से हार्ड डिस्क, कई सिमकार्ड, मेमोरी कार्ड समेत 26 आर्टिकल एनआईए जब्त करके ले गई है।