मध्य प्रदेश विधानसभा (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश विधानसभा में बुधवार को विभागों की तरफ से विधायकों के प्रश्नों का द्वारा उत्तर नहीं देने का मुद्दा उठा। प्रश्नकाल में विधायक रामचंद्र दांगी ने कहा कि पिछले तीन साल से वे मुख्यमंत्री, मंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों को पत्र लिखकर थक चुके हैं, लेकिन कोई भी जवाब नहीं देता है। इसलिए अध्यक्ष इस मामले में व्यवस्था तय करें। नेता प्रतिपक्ष गोविन्द सिंह ने भी इस पर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के समय तक यह व्यवस्था लागू थी, बाद में अधिकारियों ने विधायकों-सांसदों के प्रश्नों का जवाब देने संबंधी जीएडी के निर्देश पर अमल नहीं कर रहे। मैं नेता प्रतिपक्ष हूं, मेरे प्रश्नों का भी उत्तर अधिकारी समय पर नहीं देते।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने आसंदी से व्यवस्था दी कि मंत्रीगण अपने विभाग को निर्देशित करें कि अधिकारी विधायकों के पत्रों का जो भी स्थिति हो उसका जवाब दें। काम होना न होना एक अलग विषय है। उनके पत्र का जवाब आ जाए कि कम से कम हमारे पत्र में हो क्या रहा है। अध्यक्ष ने कहा कि दूसरी बात यह है कि हमने विधायकों के जिलों में प्रोटोकॉल का पालन नहीं होने और प्रश्नों को जवाब नहीं आने को लेकर एक समिति बनाई है। जिसकी मंगलवार को बैठक हुई। मैंने जीएडी को निर्देश दिया है कि वह सभी विभागों को विधायकों के प्रश्नों का उत्तर देने और जिलों में जनप्रतिधिनियों के प्रोटोकॉल का पालन कराने निर्देश देने को कहा है। जनप्रतनिधियों के हाथ में प्रोटोकॉल की कॉपी होगी तो उनको भी कार्यवाही करने में सुविधा होगी। हमने यह व्यवस्था कर दी है। अध्यक्ष ने जीएडी को प्रश्नों के उत्तर देने के आदेश और प्रोटोकॉल का पालन के आदेश की कॉपी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये है।
बजट पर सामान्य चर्चा समाप्त
विधानसभा में दोपहर बाद वर्ष 2023-24 के बजट पर सामान्य चर्चा शुरू हुई। विपक्ष ने बजट को अदूरदर्शी और जनविरोधी बताया। इसको लेकर विपक्ष के दो सदस्यों ने एक-एक बार बर्हिगमन किया। बजट पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष में कई बार नोकझोंक हुई। जिससे हंगामे जैसी स्थिति बनी। वहीं, वित्ती मंत्री ने बजट चर्चा पर अपने भाषण बजट को सर्वस्पशी और सभी वर्गों का ध्यान रखने वाला बताया। वित्त मंत्री ने कहा कि यह अमृतकाल का बजट है। हम 25 साल और बजट पेश करेंगे। सीएम को धन्यवाद कि उन्होंने कल्याणकारी योजनाएं बनाई है।