मध्यप्रदेश में चौथे और अंतिम चरण की आठ सीटों पर मतदान जारी है। इस बीच प्रदेश के नेता अब दूसरे राज्यों में प्रचार के लिए पहुंच रहे हैं। सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीन लोकसभा सीटों पर प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंडिया गठबंधन का मतबल बताते हुए कहा कि आई से इममैच्योर मतलब अपरिपक्व।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता उलूल-जुलूल भाषण देते हैं। एन से नर्वस मतलब घबराए हुए। डी से डेंजरस मतलब खतरनाक। देश विरोधी बातें करते हैं और आई से इग्नोरेंट मतलब अनभिज्ञ। जनता से जुड़े विषयों की जानकारी नहीं है, जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।
दीदी, मां माटी मानुष की नहीं बल्कि मनी, माफिया और मर्डर की सरकार चला रही
शिवराज सिंह चौहान ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दीदी, मां माटी मानुष की नहीं बल्कि मनी, माफिया और मर्डर की सरकार चला रही है। बंगाल का पवित्र त्योहार है सिंदूर खेला। लेकिन ममता दीदी ने अपनी क्रूरता से बंगाल की महिलाओं का सिंदूर तक छीन लिया। टीएमसी के गुंडों के आतंक ने कई महिलाओं का सुहाग उजाड़ दिया है। महिलाओं को सशक्त करने हम लखपति दीदी बना रहे हैं, लेकिन ममता दीदी खुद घोटाला दीदी बन गई है। दीदी कहती थी करबो-लड़बो-जीतवो, लेकिन सरकार में कर रही है काटबो, लड़ाबो और मारबो। पूर्व सीएम ने कहा कि बंगाल में दीदी ने गणतंत्र को गुंडातंत्र में बदल दिया है।