उप मुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के विंध्य अंचल को देश-दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से रीवा में दो दिवसीय रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन, उद्योग और हरित विकास को एक साथ जोड़कर प्रदेश के समग्र विकास का रोडमैप तैयार कर रही है। पर्यटन के जरिये न केवल निवेश आएगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे। उन्होंने विंध्य क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक समृद्धि और धार्मिक महत्व को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए निजी निवेश को प्रोत्साहित करने की बात कही। कॉन्क्लेव के दौरान तीन प्रमुख सत्र आयोजित किए गए, जिनमें ‘रीवा के पर्यटन का पुनरुत्थान’, ‘एकीकृत पर्यटन अनुभव’, और ‘फिल्म, हॉस्पिटैलिटी व पर्यटन में निवेश के अवसर’ जैसे विषयों पर विशेषज्ञों, निवेशकों व प्रशासनिक अधिकारियों ने चर्चा की।
ये भी पढ़ें-
MP News: पत्रकारों को धमकी, युवतियों का शोषण और अवैध कट्टे, MD ड्रग्स तस्कर यासीन मछली पर नए खुलासे
पर्यटन सीमाओं में नहीं बंधा
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि राज्य सरकार पीएमश्री एयर सेवा योजना और हेली-टूरिज्म के माध्यम से कनेक्टिविटी बढ़ाने पर काम कर रही है। साथ ही पर्यटन नीति के तहत निवेश को सरल बनाया गया है, जिससे सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए स्वीकृतियां मिल रही हैं। प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि पर्यटन सीमाओं में बंधा नहीं होता, इसीलिए गंगा-नर्मदा टूरिज्म कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं प्रदेश को उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड जैसे राज्यों से जोड़ेंगी, जिससे धार्मिक और विरासत पर्यटन को बल मिलेगा।
ये भी पढ़ें-
मन की बात: मोदी ने की भोपाल की महिलाओं और बुंदेलखंड के किलों की तारीफ,CM बोले-ये दिव्य ऊर्जा से भरने वाला क्षण
पर्यावरण संतुलन के साथ आगे बढ़े
पर्यटन निगम के एमडी डॉ. इलैयाराजा टी ने बताया कि पर्यटक स्थलों पर सुविधाएं, ऑनलाइन बुकिंग और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए कार्य हो रहा है। वहीं, अपर एमडी बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि पर्यटन समावेशी और पर्यावरण संतुलन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कॉन्क्लेव के दौरान लगी प्रदर्शनी में ढोकरा कला, बुंदेली चित्रकला, टेराकोटा, मृगनयनी, आईआरसीटीसी जैसी संस्थाओं द्वारा उत्पादों और सेवाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। इससे स्थानीय शिल्पकारों और ब्रांडों को मंच मिला। समापन पर अभिनेता मुकेश तिवारी ने कहा कि हम मध्य प्रदेश वाले मेहमानों का स्वागत लाल कालीन से नहीं, दिल से करते हैं।
ये भी पढ़ें-
MP News: सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया भोपाल मेट्रो के कार्यों का निरीक्षण,पीएम अक्टूबर में कर सकते है लोकार्पण