कांग्रेस मुख्यालय पर हनुमान चालीसा पाठ करते पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
रतलाम में हनुमान प्रतिमा के सामने महिलाओं की बॉडी बिल्डर्स का बिकनी में अंग प्रदर्शन का विरोध लगातार जारी है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेसियों ने हनुमान चालीसा पाठ कर भाजपाईओं को सद्बुद्धि देने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा के नेतृत्व में कार्यालय मुख्यालय में कांग्रेस पदाधिकारियों ने हनुमान जी की तस्वीर के सामने पाठ किया। वहीं, दूसरी तरफ पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा चार इमली स्थित हनुमान मंदिर में धरने पर बैठे गए। शर्मा ने बीजेपी विधायक चेतन कश्यप को विधानसभा से निष्कासित करने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा ने कहा कि जहां एक ओर भाजपा अभिनेत्री दीपिका पादुकोण द्वारा विकनी पर फिल्माये गये दृश्य पर कड़ी आपत्ति जताती है वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं की उपस्थिति में हनुमान जी की मूर्ति के समक्ष अर्द्वनग्न प्रतियोगिता का आयोजन कर धार्मिक आस्थाओं पर कुठाराघात करती है। भाजपा द्वारा इस तरह अलग-अलग आखों से देखने का यह चाल चरित्र और चेहरा उसकी कुत्सित मानसिकता को दर्शाता है। आखिर क्या कारण है कि रतलाम में हनुमान जी की मूर्ति के समक्ष हुये इस अश्लील प्रदर्शन पर पूरी भाजपा के मुंह में दही क्यों जम गया है। क्या राम के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा का यही असली चेहरा है? श्री मिश्रा ने कहा कि भाजपा के इस आयोजन से जहां एक ओर धार्मिक आस्था आहत हुई है, वहीं अतंर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह में पूरी नारी शक्ति का भी घोर अपमान हुआ है। हिंदू धर्म एवं भारतीय संस्कृति के साथ ऐसा भद्दा मजाक उड़ाया जा रहा है, उसे अपमानित किया जा रहा है जो प्रदेश ही नहीं देश की नारी शक्ति के लिए बेहद शर्मनाक और आपत्तिजनक है। भाजपा और उसके नेता इस कृत्य के लिए पूरी नारी शक्ति से मांफी मांगे।
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना
वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी प्रतियोगिता का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर लिखा कि भाजपाई धार्मिक मूर्तियों का अपमान न करें। इससे पहले संस्कृति बचाव मंच के अध्यक्ष चंद्र शेखर तिवारी ने हनुमान जी की प्रतिमा के सामने अश्लीलता परोसने का विरोध करते हुए आयोजकों से माफी मांगने की मांग की।
रतलाम में हुई विवादित प्रतियोगिता
बता दें रविवार को रतलाम में महिलाओं की बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें हनुमान जी की मूर्ति के सामने महिलाओं ने बिकनी में अंग प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता की आयोजन समिति में रतलाम महापौर प्रह्लाद पटेल और विधायक चैतन्य कश्यम बताए जा रहे है।